Front Page

गौचर मेले में पहाड़ी उत्पादों की धूम, महिलाओं के बनाए बिस्कुट और नमकीन की बढ़ी मांग

— दिग्पाल गुसाईं की रिपोर्ट —

गौचर, 16 नवंबर। राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले में इस बार पारंपरिक पहाड़ी उत्पाद भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मेले में जहां एक ओर सांस्कृतिक कार्यक्रमों और मनोरंजन की धूम मची है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय महिला उद्यम समूहों द्वारा तैयार खाद्य उत्पादों की भी खूब खरीदारी हो रही है। विशेष रूप से झंगोरा, मंडुवा और चौलाई जैसे पारंपरिक पहाड़ी अनाज से तैयार बिस्कुट और नमकीन लोगों को खासे पसंद आ रहे हैं।

मेले में मां चंडिका महिला उद्यम समूह, सिवाई की महिलाओं ने अपने उत्पादों का स्टॉल लगाया है। समूह की ओर से स्थानीय अनाज से तैयार बिस्कुट, नमकीन और अन्य खाद्य सामग्री बिक्री के लिए रखी गई है। इन उत्पादों के प्रति मेलार्थियों का उत्साह महिलाओं के लिए भी प्रोत्साहन का कारण बना हुआ है। पारंपरिक अनाज से तैयार इन खाद्य पदार्थों के माध्यम से महिलाएं पहाड़ के पुराने खानपान को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप नया स्वरूप देने का प्रयास कर रही हैं।

मेला अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने बताया कि गौचर मेले का उद्देश्य केवल व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक अनाज, हस्तशिल्प और कारीगरों को प्रोत्साहित करना भी है। इसी उद्देश्य से मेले में स्थानीय उत्पादकों और शिल्पकारों को स्टॉल उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि उनके उत्पादों को व्यापक बाजार मिल सके और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा हों।

महिला उद्यम समूह की सदस्य रीता रावत और दिव्या पंवार ने बताया कि उनके समूह से 10 महिलाएं जुड़ी हुई हैं। ये महिलाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध पारंपरिक अनाज से विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार कर स्वरोजगार की दिशा में काम कर रही हैं। उनका प्रयास है कि पहाड़ के पौष्टिक अनाज को नए स्वरूप में उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाए। इससे जहां पारंपरिक अनाज की उपयोगिता बढ़ेगी, वहीं महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता को भी मजबूती मिलेगी।

गौरतलब है कि मंडुवा, झंगोरा और चौलाई जैसे पहाड़ी अनाज कभी पर्वतीय क्षेत्रों के खानपान का प्रमुख हिस्सा हुआ करते थे। अब पोषण संबंधी विशेषताओं के कारण इनकी उपयोगिता को नए सिरे से पहचाना जा रहा है। ऐसे में इन अनाजों से तैयार बिस्कुट और नमकीन जैसे उत्पाद बाजार की बदलती मांग के अनुरूप एक नई पहल हैं।

गौचर मेले में इन उत्पादों की बढ़ती लोकप्रियता से यह भी स्पष्ट हो रहा है कि उचित विपणन सुविधाएं और प्रोत्साहन मिलने पर पहाड़ की महिलाएं अपने पारंपरिक ज्ञान और स्थानीय संसाधनों के बल पर सफल उद्यम स्थापित कर सकती हैं। इससे न केवल महिला स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि स्थानीय कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!