आपदा/दुर्घटनापर्यावरण

केदारनाथ वन प्रभाग के जंगलों में भीषण आग, वन कर्मी आग बुझाने में जुटे

पोखरी, 25 मई (राणा)। केदारनाथ वन्यजीव प्रभाग की नागनाथ रेंज अंतर्गत शरणाचाई, वीणा नागधार और चमसिल के चीड़ के जंगलों में रविवार रात लगी भीषण आग से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। जंगलों में आग फैलने से पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार छा गया, जिससे दमा रोगियों और बुजुर्गों की परेशानियां बढ़ गई हैं।

शरणाचाई वन पंचायत के सरपंच दिगपाल राणा, कमल सिंह नेगी और भरत रावत सहित ग्रामीणों ने बताया कि जंगलों में आग रविवार रात करीब दस बजे भड़की। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सोमवार सुबह से ही आग बुझाने में जुट गई। वन क्षेत्राधिकारी कपिल गुसाईं के नेतृत्व में वन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कई स्थानों पर आग पर काबू पाया।

इधर सोमवार दिन में नागनाथ रेंज के कुजासू के जंगलों में भी भीषण आग भड़क उठी। वन दरोगा प्रकाश कण्डारी ने बताया कि वन कर्मी लगातार आग बुझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन क्षेत्र के चट्टानी होने और तेज हवाएं चलने के कारण आग पर नियंत्रण पाने में कठिनाई हो रही है।

वहीं दूसरी ओर गोपेश्वर रेंज के देवर-कनेरी के चीड़ के जंगलों में लगी आग नागनाथ रेंज के दैवखाल क्षेत्र तक पहुंच गई है। आग लगातार तेजी से फैल रही है। वन दरोगा मोहन सिंह वर्तवाल के नेतृत्व में वन विभाग की टीम यहां भी आग बुझाने में जुटी हुई है। जंगलों में लगी आग के कारण पूरे क्षेत्र में धुएं की मोटी परत छाई हुई है।

आग बुझाने के कार्य में वन दरोगा मदन मोहन सेमवाल, प्रकाश कण्डारी, मोहन सिंह वर्तवाल, आनंद सिंह रावत, वन आरक्षी संदीप कण्डारी, महेशी, ममता, देवेंद्र राणा सहित फायर वाचर और ग्रामीण सहयोग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!