पर्यावरण

नंदा देवी की जैव विविधता का होगा आकलन, 32 सदस्यीय दल रवाना

ज्योतिर्मठ, 7 जून (कपरूवाण)। प्रदेश के वन, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं संसदीय कार्य मंत्री सुबोध उनियाल ने  वन विभाग परिसर, ज्योतिर्मठ से 32 सदस्यीय अभियान दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
फ्लैग ऑफ समारोह को संबोधित करते हुए वन मंत्री ने अभियान के वैज्ञानिक दल प्रमुख डॉ. जी.एस. रावत की सराहना करते हुए कहा कि सेवा निवृत्ति के बाद भी प्रकृति संरक्षण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता प्रेरणादायक है और नई पीढ़ी के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1982 में नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान को संरक्षित करने के उद्देश्य से गैर-सरकारी गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया था। इसके सकारात्मक परिणामों और जैव विविधता की वर्तमान स्थिति का आकलन करने के लिए प्रत्येक दस वर्ष में जैव निगरानी अभियान संचालित किया जाता है।
वन मंत्री ने अभियान दल के सभी सदस्यों के उत्साह और समर्पण को सलाम करते हुए कहा कि मानव की जिज्ञासा ही नए आविष्कारों और खोजों का आधार बनती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण के समक्ष जितनी गंभीर चुनौतियां हैं, उतनी पहले कभी नहीं थीं। ऐसे अभियानों से प्राप्त निष्कर्ष आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और बेहतर प्राकृतिक विरासत सौंपने में सहायक होंगे। उन्होंने यह भी कहा कि दस वर्ष के अंतराल पर होने वाले इस अभियान को भविष्य में प्रत्येक पांच वर्ष में आयोजित किए जाने के लिए वे भारत सरकार से भी वार्ता करेंगे।
इससे पूर्व उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक भी ली। बैठक के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने जोशीमठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण तथा प्रस्तावित स्थल पर शीघ्र भवन निर्माण की मांग उठाई। नगर अध्यक्ष ने औली मोटर मार्ग पर सुनील से गौंख तक प्रस्तावित हल्के वाहन मार्ग के निर्माण को स्वीकृति दिलाने का अनुरोध भी किया। बीकेटीसी के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने उप जिला चिकित्सालय की स्वीकृति तथा डुमक-रुद्रनाथ ट्रैक मार्ग के निर्माण की मांग रखी।
वन मंत्री को ज्ञापन सौंपने वालों में सरपंच संगठन जोशीमठ के पदाधिकारी, पूर्व प्रधान लक्ष्मण सिंह बुटोला, युवा नेता वैभव सकलानी सहित अन्य लोग शामिल रहे।
जैव निगरानी अभियान-2026 के फ्लैग ऑफ समारोह में बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, भाजपा नगर अध्यक्ष अमित सती, उत्तराखंड कर्मकार कल्याण बोर्ड के सदस्य कृष्णमणि थपलियाल, आईटीबीपी पर्वतारोहण एवं स्कीइंग संस्थान औली के आईजी अखिलेश रावत, बीकेटीसी सदस्य राकेश भंडारी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, सुभाष डिमरी, अनीता पंवार, प्रमुख वन संरक्षक रंजन कुमार मिश्रा, अपर प्रमुख वन संरक्षक डॉ. विवेक पांडे, निदेशक एवं वन संरक्षक पंकज कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अभिषेक त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, एसडीएम चंद्रशेखर बशिष्ठ, पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट तथा नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान के प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम का संचालन रेंज अधिकारी चेतना कांडपाल ने किया।
अभियान दल को रवाना करने से पूर्व वन मंत्री ने माँ काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर अभियान की सफलता की कामना की। दल को रवाना करने के बाद उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया तथा भगवान नृसिंह मंदिर में दर्शन-पूजन भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!