पिंडर घाटी में गांधी और शास्त्री जयंती पर हुए विविध कार्यक्रम |

थराली/देवाल, 2 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। पिंडर घाटी में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाई गई। सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया तथा गांधी और शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके योगदान को याद किया गया। कई स्कूल-कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
थराली, नारायणबगड़ और देवाल विकासखंडों के विभिन्न सरकारी कार्यालयों तथा शिक्षण संस्थानों में आयोजित कार्यक्रमों में गांधी के सत्य और अहिंसा के संदेश तथा शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन और देश के प्रति योगदान पर चर्चा की गई।
राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी-थराली में प्राचार्य डॉ. प्रतिभा आर्या ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी, पीटीए अध्यक्ष विवेक रावत, कोषाध्यक्ष राजेश चौहान, डॉ. नीतू पांडे, डॉ. पुष्पा रानी, रजनीश कुमार, सुधा राणा, रजनी नेगी, हुकम सिंह, नीतीश कुमार, महिपाल सिंह, थान सिंह, मनोज देवराड़ी, धीरेन्द्र सिंह, दीपा देवी और गुड्डू सिंह सहित महाविद्यालय परिवार के सदस्यों ने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं योगदान को याद किया।
इधर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी देवाल की ओर से गांधी जयंती पर सत्याग्रह गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने गांधी का प्रिय भजन ‘रघुपति राघव राजा राम’ गाया। कांग्रेस प्रदेश सचिव संदीप कुमार ने गांधी और शास्त्री के जीवन एवं विचारों पर प्रकाश डाला। इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
गोष्ठी में सहकारिता प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष महावीर बिष्ट, वरिष्ठ कांग्रेस नेता गोविंद सिंह पांगती, जगत सिंह गाड़िया, मोहन राम, कंचन बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख मोहन राम, ब्लॉक अध्यक्ष कमल गड़िया, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष राधा देवी, इंद्र सिंह राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष खिलाप बिष्ट, महामंत्री राकेश मिश्रा, प्रदीप दानू, सचिन परिहार, कुंदन भंडारी, जय सिंह नेगी, महेश शंकर त्रिकोटी, धर्म सिंह कोटड़ी और कुंदन राम सहित कार्यकर्ता मौजूद रहे।
