कुंभ-2027 की तैयारियों पर आयुक्त सख्त: तय समयसीमा में पूरे हों सभी कार्य, हर माह होगी समीक्षा
हरिद्वार, 06 जून। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयुक्त गढ़वाल मंडल आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में सीसीआर सभागार में उच्च स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य एवं केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों, एजेंसियों और संबंधित संस्थाओं द्वारा संचालित कार्यों तथा प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में आयुक्त आनंद स्वरूप ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि कुंभ मेला-2027 से संबंधित कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर उस पर गंभीरता से अमल किया जाए। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य की प्रतिष्ठा और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आयुक्त ने कहा कि अब योजनाओं और प्रस्तावों को अंतिम रूप देने के साथ उन्हें धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से कार्य करने की आवश्यकता है। प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों के अनुरूप स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करे तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करे। उन्होंने बताया कि तैयारियों की प्रगति की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की जाएगी।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी बैठकों में केवल नामित नोडल अधिकारी ही प्रतिभाग करें। नोडल अधिकारी ऐसा होना चाहिए जिसे विभागीय योजनाओं और कार्यों की संपूर्ण जानकारी हो तथा वह निर्णय प्रक्रिया में प्रभावी भूमिका निभा सके।
आयुक्त ने कहा कि कुंभ मेला की तैयारियों में विभिन्न विभागों की भूमिकाएं एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में बेहतर समन्वय के साथ लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति तथा सामने आने वाली चुनौतियों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने रेलवे, परिवहन और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा आकस्मिक परिस्थितियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं एवं आपातकालीन योजनाएं भी तैयार रखने के निर्देश दिए।
बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग करते हुए मेले की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने रेल एवं सड़क परिवहन व्यवस्था तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित विस्तृत कार्ययोजनाओं को शीघ्र अंतिम रूप देने की आवश्यकता पर बल दिया। उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल की मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने भी ऑनलाइन जुड़कर रेलवे की प्रस्तावित तैयारियों की जानकारी साझा की।
जिलाधिकारी देहरादून आशीष चौहान, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर, एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल तथा एसएसपी देहरादून प्रमेन्द्र डोबाल ने भी कुंभ मेला-2027 के सफल आयोजन को लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए। नगर आयुक्त हरिद्वार नंदन कुमार ने सफाई, सैनिटेशन और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की तैयारियों की जानकारी दी।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने कुंभ मेला-2027 के लिए स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। बैठक में स्वास्थ्य, रेलवे, वित्त तथा अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की तैयारियों से अवगत कराया। वर्चुअल माध्यम से टिहरी और पौड़ी गढ़वाल जनपदों के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भी बैठक में सहभागिता की।
