अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच को पोखरी पुलिस का विशेष अभियान, होटलों-ढाबों का औचक निरीक्षण

-राजेश्वरी राणा की रिपोर्ट-
पोखरी, 6 जून। अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा जनसुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर थाना पोखरी पुलिस ने विशेष अग्नि सुरक्षा अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत होटल, रेस्टोरेंट, होमस्टे एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन जांच की जा रही है।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत के नेतृत्व में चलाए जा रहे इस अभियान के दौरान पुलिस टीम ने पोखरी बाजार तथा कनकचौरी क्षेत्र के विभिन्न होटल एवं ढाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन उपकरणों की कार्यशीलता, आपातकालीन निकास मार्गों की उपलब्धता, अग्निशमन अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) तथा अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया।
पुलिस टीम ने जिन प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों की कमी पाई, उनके संचालकों को नोटिस जारी करते हुए आवश्यक सुधार शीघ्र कराने के निर्देश दिए। साथ ही होटल एवं ढाबा संचालकों तथा कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया, सुरक्षित निकासी की प्रक्रिया तथा अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग की जानकारी भी दी गई।
अभियान के दौरान प्रतिष्ठानों में रेत, बजरी और पानी जैसी आवश्यक अग्निशमन सामग्री उपलब्ध रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके और नुकसान को न्यूनतम रखा जा सके।
थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार पंत ने बताया कि थाना पुलिस समय-समय पर जागरूकता कार्यक्रमों एवं प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन कर छात्रों, कर्मचारियों तथा आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में जनहानि एवं संपत्ति के नुकसान को कम करने के लिए सुरक्षा मानकों का पालन अत्यंत आवश्यक है। यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।
अभियान में उपनिरीक्षक प्रशांत बिष्ट, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, अपर उपनिरीक्षक दलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल महेंद्र कुमार सिंह, आरक्षी भरत सिंह टोलिया, होमगार्ड ममता सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन: पोखरी एवं कनकचौरी क्षेत्र में होटल और ढाबों का निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच करती पुलिस टीम।
