गढ़वाल विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू
श्रीनगर (गढ़वाल), 28 जुलाई। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी), पीजी डिप्लोमा, बी.एड., बी.पी.एड., एल.एल.बी. तथा बी.लिब. सहित अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया शुरू कर दी है। विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 में सफल अभ्यर्थी अब ऑनलाइन माध्यम से अपने पसंदीदा परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों का विकल्प भर सकेंगे।
विश्वविद्यालय ने 17 से 20 जून 2026 के बीच विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (यूईटी)-2026 का सफलतापूर्वक आयोजन किया था। प्रवेश परीक्षा समन्वयक डॉ. प्रीतम सिंह नेगी के अनुसार परीक्षा के लिए कुल 13,900 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें 2,273 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे, जबकि 9,877 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया।
छात्र अधिष्ठाता कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, प्रवेश पंजीकरण पोर्टल 29 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक सक्रिय रहेगा। इस अवधि में सफल अभ्यर्थी विश्वविद्यालय के प्रवेश पोर्टल पर लॉगिन कर अपने पसंदीदा विश्वविद्यालय परिसर एवं संबद्ध महाविद्यालयों/संस्थानों की वरीयताएं दर्ज कर सकेंगे तथा निर्धारित पंजीकरण शुल्क जमा कर सकेंगे।
विश्वविद्यालय के अनुसार सीटों का आवंटन अभ्यर्थियों की मेरिट, पात्रता, भारत सरकार की आरक्षण नीति, उपलब्ध सीटों तथा अभ्यर्थियों द्वारा ऑनलाइन दर्ज की गई वरीयताओं के आधार पर किया जाएगा। पूरी प्रवेश प्रक्रिया पारदर्शी, मेरिट आधारित तथा भारत सरकार के आरक्षण नियमों के अनुरूप संचालित की जाएगी।
प्रवेश पंजीकरण के लिए विश्वविद्यालय का पोर्टल https://hnbguadmission.samarth.edu.in/entrance/ पर उपलब्ध रहेगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी पात्र अभ्यर्थियों से निर्धारित अवधि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है। साथ ही सलाह दी है कि पंजीकरण से पहले प्रवेश सूचना पुस्तिका का ध्यानपूर्वक अध्ययन कर आवेदन में दर्ज की जाने वाली सभी जानकारियों की शुद्धता और पूर्णता सुनिश्चित करें। विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों से अंतिम तिथि की प्रतीक्षा न करने और समय रहते प्रवेश पंजीकरण पूरा करने का भी आग्रह किया है, ताकि उन्हें अपनी मेरिट एवं वरीयता के अनुसार विश्वविद्यालय परिसर अथवा संबद्ध महाविद्यालय/संस्थान में प्रवेश का अवसर मिल सके।
