Uncategorized

नंदा की चौकी का पुल पूरी तरह सुरक्षित, केवल एप्रोच रोड धंसी: सचिव पीडब्ल्यूडी का दावा

दोषी अधिकारी और ठेकेदार पर होगी कार्रवाई, युद्धस्तर पर चल रहा मरम्मत कार्य

देहरादून, 28 जुलाई ।  लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून के नंदा की चौकी स्थित नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसकी युद्धस्तर पर मरम्मत कर यातायात जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

सचिव ने बताया कि बीती रात हुई मूसलाधार बारिश के दौरान पुल की एप्रोच रोड के नीचे से भारी मात्रा में मलबा बह जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार का नुकसान नहीं पहुंचा है।

उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उन्हें एप्रोच रोड की तत्काल मरम्मत कराने के साथ ही घटना के कारणों की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही अथवा तकनीकी त्रुटि सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर और बहाव तेज हो गया है। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए नदी के बहाव को मोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं और विभिन्न विभाग समन्वय के साथ राहत एवं पुनर्बहाली कार्य में जुटे हुए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी नई बनी सड़क या अन्य निर्माण कार्य समय से पहले क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में उसके कारणों की जांच कराई जाएगी। यदि निर्माण में किसी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता संबंधी कमी पाई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सचिव ने बताया कि प्रदेशभर में वर्षा से बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए विभाग युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लगातार लाइव अपडेट की जा रही है। विभाग का प्रयास है कि अधिकतर बंद सड़कों पर 24 घंटे के भीतर यातायात बहाल कर दिया जाए।

उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक स्थान पर नया जलस्रोत सक्रिय होने के कारण बार-बार मलबा सड़क पर आ रहा है। वहां विभागीय टीमें मशीनों और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात हैं तथा मार्ग को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!