गौचर में रंगारंग कार्यक्रमों के साथ खेल महाकुंभ का आगाज
गौचर, 17 सितम्बर (गुसाईं)। रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ तीन दिवसीय विधानसभा स्तरीय खेल महाकुंभ का गुरुवार को आगाज हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन विभिन्न खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
विधानसभा स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि एवं ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी और ब्लॉक प्रमुख गैरसैंण दुर्गा देवी रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया।
60 मीटर दौड़ में मटियाला के वंश कठैत ने प्रथम, पाडुली सिदोली के अनमोल ने द्वितीय और तोप के अमन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। 600 मीटर दौड़ में सैंज सिलंगी के अनुज प्रथम, धारगढ़ के अमन सिंह द्वितीय और नैनीसैंण के नमन सिंह तृतीय रहे।
गोला फेंक में जस्यारा के नमन सिंह ने प्रथम, कर्णप्रयाग के ओम सिंह नेगी ने द्वितीय तथा मैहलचौरी के हर्षित रावत ने तृतीय स्थान हासिल किया। लंबी कूद में सिमली के लक्ष्य बिष्ट प्रथम, विसराखेत के आशीष नेगी द्वितीय और सैंज सिलंगी के अनुज सिंह नेगी तृतीय रहे।
वॉलीबॉल में आदिबद्री गैरसैंण ने प्रथम, सोनला कर्णप्रयाग ने द्वितीय और गैरसैंण विकासखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। मुर्गा झपट के 35 किलोग्राम भार वर्ग में नैनीसैंण कंडारा के चेतन प्रथम, आदिबद्री के दिव्यांशु द्वितीय और मैहलचौरी के आदित्य तृतीय रहे। 38 किलोग्राम भार वर्ग में मैहलचौरी के कार्तिकेय सिंह ने प्रथम, रोहिड़ा के जगदीश सिंह ने द्वितीय तथा कुशरानी के मनोज ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस अवसर पर विकासखंड अधिकारी पवन कंडारी, शिक्षा विभाग के ब्लॉक समन्वयक जयकृत सिंह नेगी, गैरसैंण के ब्लॉक समन्वयक कुंवर सिंह, कर्णप्रयाग एवं गैरसैंण के व्यायाम प्रशिक्षक, सहायक समाज कल्याण अधिकारी द्वारिका मैखंडी, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी कर्णप्रयाग सुबोध चंद्र, युवा कल्याण अधिकारी गैरसैंण सुशील कुमार सहित जनप्रतिनिधि और अन्य लोग मौजूद रहे।
