आपदा प्रबंधन में उत्तराखंड मॉडल अपनाएगा हिमाचल: नेगी
देहरादून, 30अप्रैल । हिमाचल प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री श्री जगत सिंह नेगी ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (यूएसडीएमए) का दौरा कर आपदा प्रबंधन व्यवस्था का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड के तकनीक-आधारित मॉडल की सराहना करते हुए इसे हिमाचल प्रदेश में लागू करने की बात कही।
मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश जैसे पर्वतीय राज्यों में भूस्खलन, अतिवृष्टि और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियां समान हैं। ऐसे में दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय और साझा रणनीति से आपदा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
दौरे के दौरान उन्होंने चारधाम यात्रा की मॉनिटरिंग प्रणाली का निरीक्षण किया। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के माध्यम से केदारनाथ यात्रा की लाइव मॉनिटरिंग, रियल-टाइम अलर्ट सिस्टम, भीड़ प्रबंधन और मौसम व मार्ग की निगरानी की व्यवस्थाओं को उन्होंने प्रभावी बताया।
नेगी ने कहा कि कैलाश मणिमहेश, किन्नर कैलाश और श्रीखंड महादेव यात्राओं में भी इस तरह की तकनीक का उपयोग कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू प्रबंधन सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने तहसील स्तर पर गठित की जा रही क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और ‘भूदेव’ एप की सराहना करते हुए कहा कि ये पहल आपदा के शुरुआती समय में त्वरित राहत और सूचना आदान-प्रदान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। सीमावर्ती क्षेत्रों में ‘भूदेव’ एप के व्यापक उपयोग पर भी जोर दिया गया।
इस अवसर पर सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन सहित उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
