Front Page

उत्तराखंड में 6 लाख बुजुर्गों को मिलती है वृद्धावस्था पेंशन, वृद्धाश्रमों के विस्तार और आधुनिकीकरण पर सरकार का फोकस

 

हल्द्वानी, 30 अप्रैल  । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 में प्रतिभाग करते हुए कहा कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। साथ ही, पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक सुरक्षा को और मजबूत बना रहा है।

उन्होंने जानकारी दी कि राज्य में वृद्धाश्रमों की व्यवस्था को सुदृढ़ किया जा रहा है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में राजकीय वृद्धाश्रम संचालित हैं, जबकि देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवनों का निर्माण जारी है। रुद्रपुर में एक आधुनिक मॉडल वृद्धाश्रम भी बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अटल वयोअभ्युदय योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों को पोषण, स्वास्थ्य सेवाएं और मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वहीं, राष्ट्रीय वयोश्री योजना के अंतर्गत सहायक उपकरण और निशुल्क मोतियाबिंद सर्जरी की सुविधा दी जा रही है। इस वर्ष 1300 वरिष्ठ नागरिकों की मुफ्त सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम को प्रभावी रूप से लागू किया गया है, जिससे बुजुर्गों को कानूनी सुरक्षा मिल रही है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ नागरिकों की खेल गतिविधियों में भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है। उन्होंने वरिष्ठजनों को समाज की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके अनुभव और मार्गदर्शन को महत्वपूर्ण बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!