क्षेत्रीय समाचार

भारी बारिश से थराली क्षेत्र में कई सड़कें अवरुद्ध, देवसारी मार्ग तीसरे दिन भी बंद

थराली, 30 जुलाई (हरेन्द्र बिष्ट)। गत रात हुई भारी बारिश से थराली क्षेत्र में कई सड़कें प्रभावित हुईं। ग्वालदम-नंदकेशरी राज्य मार्ग संख्या-91 के किलोमीटर 1, 5 और 8 में सड़क क्षतिग्रस्त होने के कारण मार्ग करीब सात घंटे तक यातायात के लिए बंद रहा। लोक निर्माण विभाग ने जेसीबी की मदद से मलबा और क्षतिग्रस्त हिस्से को हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोल दिया।
श्री नंदादेवी राजजात यात्रा मार्ग संख्या-90 के थराली-देवाल-वांण और देवाल-खेता मोटर मार्ग पर भी गुरुवार को कई स्थानों पर मलबा और पत्थर आने से यातायात बाधित होता रहा। लोनिवि की मशीनों से मलबा हटाने के बाद इन मार्गों पर यातायात बहाल किया गया। थराली-देवाल-मंदोली-वांण मार्ग के किलोमीटर 8 पर उणी तथा किलोमीटर 18 पर गमलीगाड़ में मलबा, पत्थर और पेड़ आने से मार्ग बंद हो गया था।
लोनिवि थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा और सहायक अभियंता जेके टम्टा ने बताया कि भारी बारिश से थराली, देवाल और नारायणबगड़ विकासखंडों की ग्रामीण सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। समाचार लिखे जाने तक नारायणबगड़ विकासखंड में भटियाणा मोटर मार्ग को छोड़कर अन्य सभी ग्रामीण सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया था।
उधर, ग्वालदम-नंदकेशरी मार्ग से जुड़ा देवसारी मोटर मार्ग तीसरे दिन भी बंद रहा। एनपीसीसी के रखरखाव वाले इस मार्ग पर खड्ड की ओर लगातार कटाव हो रहा है। एनपीसीसी के मैनेजर नरेंद्र तोमकियाल ने बताया कि लगातार बारिश के कारण सड़क खोलने में दिक्कत आ रही है। मौसम साफ होते ही मार्ग को यातायात के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
भारी बारिश के चलते गुरुवार को पिंडर, कैल और प्राणमती नदियों के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई। क्षेत्र के सभी नालों और गदेरों में भी पानी का बहाव बढ़ा रहा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!