क्षेत्रीय समाचारशिक्षा/साहित्य

सवाड़ केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरण के आदेश, क्षेत्र में खुशी की लहर

थराली, 6 अगस्त (हरेन्द्र बिष्ट)। विकासखंड देवाल के सैनिक बाहुल्य गांव सवाड़ में प्रस्तावित केंद्रीय विद्यालय (केवी) की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है। जिलाधिकारी चमोली ने ग्रामीणों द्वारा दान की गई भूमि को केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) के नाम हस्तांतरित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। इस निर्णय पर सवाड़ गांव सहित पूरे देवाल क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग लंबे समय से की जा रही थी। विद्यालय के संचालन की तैयारियों के तहत ग्रामीणों ने लगभग पांच वर्ष पहले श्रमदान और जनसहयोग से 20 लाख रुपये से अधिक की लागत से टिनशेड, शौचालय, पेयजल सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं विकसित की थीं। साथ ही ग्रामीणों ने अपनी निजी भूमि भी माध्यमिक शिक्षा विभाग के नाम पंजीकृत कराई थी, ताकि आगे इसे केंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम हस्तांतरित किया जा सके।
पिछले वर्ष भारत सरकार के केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सवाड़ में केंद्रीय विद्यालय खोलने की स्वीकृति प्रदान करते हुए शासनादेश भी जारी किया था। इसके बाद उम्मीद थी कि चालू शैक्षणिक सत्र से विद्यालय का संचालन शुरू हो जाएगा। हालांकि, भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम दर्ज न होने सहित अन्य औपचारिकताओं का हवाला देते हुए इस सत्र में कक्षाएं शुरू नहीं हो सकीं, जिससे क्षेत्र के लोगों में निराशा थी।
अमर शहीद सैनिक मेला समिति के अध्यक्ष दयाल बिष्ट, निवर्तमान अध्यक्ष आलम सिंह बिष्ट तथा ग्राम प्रधान आशा धपोला ने बताया कि उत्तराखंड शासन के संयुक्त सचिव शिवस्वरूप त्रिपाठी ने 20 जुलाई को जिलाधिकारी चमोली को पत्र भेजकर माध्यमिक शिक्षा विभाग के नाम दर्ज 1.803 हेक्टेयर भूमि को केंद्रीय विद्यालय संगठन के पक्ष में हस्तांतरित करने के निर्देश दिए थे।
इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव कुमार ने 4 अगस्त को निर्धारित शर्तों एवं प्रतिबंधों के साथ उक्त भूमि केंद्रीय विद्यालय संगठन के नाम हस्तांतरित करने के आदेश जारी कर दिए। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने इसे केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए शीघ्र विद्यालय संचालन शुरू होने की उम्मीद जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!