चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं से खुश महाराष्ट्र के यात्री
उत्तरकाशी, 29 सितंबर। महाराष्ट्र के अकोला और बुलडाणा जिलों से चारधाम यात्रा पर आए 70 सदस्यीय यात्री दल ने उत्तरकाशी पहुंचकर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान से मुलाकात की। यात्रियों ने चारधाम यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन का आभार जताया।
यात्रियों ने कहा कि यात्रा के दौरान मार्ग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने और अन्य सुविधाओं से उन्हें काफी मदद मिली। प्रशासन के साथ ही स्थानीय स्तर पर मिले सहयोग से उनकी यात्रा सुगम और सुखद रही। दल के सदस्यों ने कहा कि यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के प्रयास श्रद्धालुओं में सुरक्षा और सुविधा का भरोसा पैदा करते हैं।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने महाराष्ट्र से आए यात्रियों का स्वागत करते हुए उनकी सुरक्षित और सुखद यात्रा की कामना की। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। यात्रा मार्गों पर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और यात्रियों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
