Front Pageआपदा/दुर्घटना

देवप्रयाग में बड़ा हादसा: अलकनंदा नदी में गिरी तीर्थयात्रियों की कार, तीन की मौत, चार लापता

देवप्रयाग/टिहरी, 2 जून। उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजस्थान के तीर्थयात्रियों को लेकर जा रही एक इनोवा कार श्रीनगर-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर देवप्रयाग के निकट अनियंत्रित होकर लगभग 250 मीटर गहरी खाई में गिरते हुए अलकनंदा नदी में समा गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार यात्री लापता हैं। एक घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।

मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा मार्ग पर देवप्रयाग के समीप हुई दुखद वाहन दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने हादसे में दिवंगत हुए श्रद्धालुओं एवं यात्रियों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, टिहरी से प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे हुई। इनोवा कार संख्या UK08TA-5433 श्रीनगर से हरिद्वार की ओर जा रही थी। देवप्रयाग तहसील क्षेत्र में होटल गंगादर्शन के समीप वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

प्रशासन के अनुसार वाहन में कुल आठ लोग सवार थे। इनमें से तीन लोगों के शव बरामद कर लिए गए हैं, जिनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। एक घायल को 108 एम्बुलेंस के माध्यम से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। वहीं चार अन्य यात्रियों की तलाश जारी है। लापता लोगों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, फायर सर्विस और राजस्व विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीआरएफ की तीन टीमें, जिनमें एक डीप डाइविंग टीम भी शामिल है, राहत एवं बचाव अभियान में जुटी हैं। इसके अलावा ऋषिकेश बैराज क्षेत्र में भी एसडीआरएफ की एक टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

प्रशासन ने बताया कि नदी के तेज बहाव और दुर्गम क्षेत्र के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण बना हुआ है। लापता यात्रियों की तलाश के लिए सर्च अभियान लगातार जारी है।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहे तथा उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF), राष्ट्रीय आपदा प्रतिवादन बल (NDRF) तथा अन्य संबंधित एजेंसियों को तत्काल राहत एवं बचाव कार्यों में लगाया गया। दुर्घटनास्थल पर युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्घटना में लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन खोज एवं बचाव अभियान जारी है। संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा प्रशासन से पल-पल की जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!