भागीरथी के बढ़ते जलस्तर से हर्षिल में कटाव का खतरा, 100 मीटर क्षेत्र में होंगे सुरक्षात्मक कार्य

उत्तरकाशी, 29 जून। भागीरथी नदी के बढ़ते जलस्तर से हर्षिल स्थित गढ़वाल मंडल विकास निगम (जीएमवीएन) के गेस्ट हाउस, पुलिस चौकी तथा आसपास की आवासीय बस्ती पर मंडरा रहे संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने आपदा प्रबंधन एवं सिंचाई विभाग के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करने तथा आवश्यक सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
जिलाधिकारी के निर्देश पर रविवार को जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुसाईं तथा सिंचाई विभाग की संयुक्त टीम ने हर्षिल पहुंचकर प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान नदी के बढ़ते जलस्तर और संभावित भूमि कटाव की स्थिति का आकलन किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि मानसून के दौरान भागीरथी के जलस्तर में वृद्धि और तट कटाव की आशंका को देखते हुए नदी किनारे के लगभग 100 मीटर लंबे अत्यंत संवेदनशील हिस्से में तत्काल बाढ़ सुरक्षा एवं तट संरक्षण संबंधी कार्य कराए जाएंगे, ताकि जीएमवीएन गेस्ट हाउस, पुलिस चौकी और स्थानीय आबादी को संभावित नुकसान से बचाया जा सके।
निरीक्षण के दौरान हर्षिल के ग्राम प्रधान भी उपस्थित रहे और उन्होंने क्षेत्र की स्थिति से अधिकारियों को अवगत कराया।
