रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने निमास टीम द्वारा संचालित छः देशों के प्रथम साइकिलिंग अभियान के सदस्यों का नई दिल्ली में स्वागत किया
टीम ने छः दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों में केवल 37 दिनों में 5,374 किलोमीटर की दूरी तय करके साइकिल चलाने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया

रक्षा राज्य मंत्री श्री अजय भट्ट ने 15 मार्च, 2023 को नई दिल्ली में राष्ट्रीय पर्वतारोहण और साहसिक खेल संस्थान (निमास), दिरांग की एक टीम द्वारा किए गए ‘छः देशों के साइकिलिंग अभियान 2023’ के सदस्यों का स्वागत किया। निमास के निदेशक कर्नल रणवीर सिंह जम्वाल के नेतृत्व में वर्तमान में एनआईएमएएस के साथ तैनात चार सैनिकों की एक टीम ने 16 जनवरी, 2023 से 06 मार्च, 2023 तक छह दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों – वियतनाम, लाओस, कंबोडिया, थाईलैंड, मलेशिया और सिंगापुर में पहली बार साइकिलिंग अभियान चलाया था। इस अभियान के दौरान, इसने छः दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में केवल 37 दिनों में 5,374 किलोमीटर की दूरी तय करके साइकिल चलाने का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया।
रक्षा राज्य मंत्री ने अत्यधिक सहनशीलता और धैर्य प्रदर्शित करने और साइकिलिंग अभियान को सफल बनाने के लिए निमास टीम की सराहना की। उन्होंने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि निमास भविष्य में और भी अधिक साहसिक यात्राओं के माध्यम से देश को गौरवान्वित करना जारी रखेगा।
टीम ने वियतनाम के हनोई से अभियान शुरू किया और सिंगापुर में आईएनए मेमोरियल में इसका समापन हुआ। इसे खराब मौसम में अंजाम दिया गया। टीम के सदस्य रोजाना औसतन 9-10 घंटे साइकिल चलाते थे।
टीम ने 10 से अधिक विरासत स्थलों/ स्मारकों का दौरा किया और भारतीय राष्ट्रीय सेना के बलिदान और बहादुरी की गाथाओं का फिर से स्मरण करते हुए आजाद हिंद फौज के नायकों के साथ बातचीत की। इसके अलावा, टीम ने वियतनाम माउंट फांसिपन (3,143 मीटर) की सबसे ऊंची चोटी पर चढ़ाई की। 03 मार्च, 2023 को सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त श्री पी. कुमारन ने अभियान के सफल समापन के लिए टीम को सम्मानित किया था। यह भारत की जी-20 अध्यक्षता को चिह्नित करने के लिए आयोजित कार्यक्रमों का हिस्सा था और देश के ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ की थीम के अनुरूप था।