क्षेत्रीय समाचार

ब्लॉक आफिस पोखरी में बहुउद्देशीय शिविर, जनकल्याणकारी योजनाओं की दी जानकारी

 

मल्टी
पोखरी, 17 जून (राणा)। केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विकासखंड कार्यालय परिसर में बहुउद्देशीय शिविर एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्त भारत अभियान के तहत उपस्थित लोगों को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।
खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, बाल विकास, ग्राम्य विकास, पशुपालन, उद्यान, पंचायत राज, कृषि, समाज कल्याण तथा खाद्य विभाग सहित विभिन्न विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विभागीय अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी शिव सिंह भंडारी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ग्रामीणों को नशामुक्त भारत अभियान के अंतर्गत नशा मुक्ति की शपथ दिलाई और समाज को नशामुक्त बनाने का आह्वान किया।
शिविर में जिला पंचायत सदस्य बीरेंद्र सिंह राणा, चौड़ी ग्राम प्रधान किशन बुटोला, तहसीलदार जिनेंद्र सिंह रावत, सहायक खंड विकास अधिकारी देवेंद्र कुमार खंडूरी, एनआरएलएम की लीला नेगी, जल संस्थान के अवर अभियंता मनमोहन सिंह राणा, विद्युत विभाग के अवर अभियंता धीरेंद्र सिंह भंडारी, पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता हरीश बिजल्वाण, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता ज्योति सिंह रावत, सहायक कृषि अधिकारी राजेश चौमवाल, पेयजल निगम के अवर अभियंता प्रशांत रतूड़ी, नीलम जग्गी, संजय कुमार, सहायक उद्यान अधिकारी इंद्रजीत टम्टा, फार्मासिस्ट लखपत नेगी तथा ग्रामीण निर्माण विभाग के अवर अभियंता नवीन चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ग्राम विकास अधिकारी राकेश सजवाण ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!