सेवा, सुशासन, समर्पण कार्यक्रम के तहत पोखरी में तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर शुरू
पोखरी, 25 जुलाई (राणा)। सेवा, सुशासन, समर्पण “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के तृतीय चरण के अंतर्गत शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पोखरी में तीन दिवसीय बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का उद्घाटन नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल तथा सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सोहन लाल ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उनके घर के निकट विशेषज्ञ चिकित्सकों की निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता ने बताया कि तीन दिवसीय शिविर में फिजिशियन, सर्जन, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच, उपचार तथा निःशुल्क दवा वितरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से लोगों को बेहतर एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर के प्रथम दिन सामान्य रोग, हड्डी रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नेत्र एवं दंत रोग सहित विभिन्न विशेषज्ञों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पहले दिन कुल 110 मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया।
इस दौरान फिजिशियन डॉ. श्रेय कुमार, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमिता, सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रियम गुप्ता, डॉ. मोहिनी, डॉ. सनी चौधरी, बीपीएम राहुल विष्ट सहित अन्य विशेषज्ञ चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।
