क्षेत्रीय समाचारपर्यावरण

बैगलेस डे पर जनता जूनियर हाईस्कूल विनगढ़ में विद्यार्थियों ने किया वृक्षारोपण

पोखरी, 25 जुलाई (राणा)। विकासखंड पोखरी के जनता जूनियर हाईस्कूल विनगढ़ में शनिवार को बैगलेस डे के अवसर पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस दौरान विद्यालय परिसर में आम, आड़ू, खुमानी, देवदार, बांज और पीपल सहित विभिन्न छायादार एवं फलदार पौधे लगाए गए।

कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाध्यापक सुरेन्द्र सिंह नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने विद्यार्थियों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का भी आह्वान किया।
अध्यापक नरेंद्र रावत और संजय सिंह राणा ने कहा कि बढ़ते औद्योगीकरण और भौतिकवादी जीवनशैली के कारण पर्यावरण का लगातार क्षरण हो रहा है, जिससे प्राकृतिक संतुलन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस चुनौती से निपटने का सबसे प्रभावी उपाय अधिक से अधिक वृक्ष लगाना और उनका संरक्षण करना है।


उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि पेड़-पौधे पर्यावरण को संतुलित रखने, शुद्ध वायु उपलब्ध कराने, जैव विविधता के संरक्षण तथा पशुओं के लिए चारा और ईंधन जैसी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी से वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाने और प्रत्येक लगाए गए पौधे की जिम्मेदारी लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रघुनाथ सिंह राणा, मदन सिंह नेगी सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!