क्षेत्रीय समाचार

विधायक के आश्वासन पर नारायणबगड़ में आठ दिन से जारी आंदोलन स्थगित

 

स्वास्थ्य सुविधाओं में जल्द सुधार नहीं होने पर उग्र आंदोलन और विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी

 

थराली, 19 अक्टूबर (हरेन्द्र बिष्ट)। नारायणबगड़ में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का उच्चीकरण कर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बनाए जाने की मांग को लेकर पिछले आठ दिनों से चल रहा जन आंदोलन सोमवार को थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के आश्वासन के बाद स्थगित कर दिया गया। हालांकि आंदोलनकारियों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन दोबारा शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की भी चेतावनी दी है।

नारायणबगड़ क्षेत्र की जनता पिछले आठ दिनों से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण, पर्याप्त चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती तथा आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर आंदोलन कर रही थी। सोमवार को विधायक भूपाल राम टम्टा आंदोलन स्थल पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की।

इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य नीरज नेगी, विपिन परिहार सहित अन्य आंदोलनकारियों ने विधायक को स्वास्थ्य केंद्र की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की कमी के कारण क्षेत्रवासियों को सामान्य बीमारियों के उपचार के लिए भी दूरस्थ अस्पतालों का रुख करना पड़ता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को आर्थिक बोझ उठाने के साथ ही उपचार के लिए कीमती समय भी गंवाना पड़ता है।

विधायक टम्टा ने कहा कि वह नारायणबगड़ सहित पूरे थराली विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के उच्चीकरण और अन्य समस्याओं के समाधान के लिए ठोस पहल करने का आश्वासन दिया। साथ ही चिकित्सकों की शीघ्र तैनाती और अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं में सुधार का भरोसा दिलाया।

विधायक के आश्वासन पर आंदोलनकारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि स्वास्थ्य सेवाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। आंदोलनकारियों ने मांगों की अनदेखी होने पर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करने की भी चेतावनी दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग और आंदोलनकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!