शिक्षा/साहित्य

गढ़वाल विश्वविद्यालय में एआई पर छह दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

 

38 शिक्षक ले रहे भाग, शिक्षण और शोध में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर विशेषज्ञ देंगे प्रशिक्षण

श्रीनगर (गढ़वाल), 12 नवंबर। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र की ओर से ‘शिक्षा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता : शिक्षण, शोध, नवाचार और संस्थागत विकास में नई संभावनाएं’ विषय पर छह दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 12 से 18 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों के 38 शिक्षक भाग ले रहे हैं। इसमें प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विशेषज्ञ कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के शिक्षा, शोध, नवाचार और संस्थागत विकास में उपयोग के विभिन्न पहलुओं पर प्रशिक्षण देंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय, नई दिल्ली के प्रो. टी. वी. विजय कुमार, डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के निदेशक प्रो. मनु प्रताप सिंह तथा गढ़वाल विश्वविद्यालय के मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. डी. एस. नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

प्रशिक्षण के दौरान एआई आधारित शिक्षण पद्धतियों, राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कृत्रिम बुद्धिमत्ता की भूमिका, जनरेटिव एआई, शोध एवं नवाचार में एआई के उपयोग, मशीन लर्निंग, डेटा विश्लेषण तथा एआई के नैतिक और नियामक पहलुओं पर व्याख्यान एवं व्यावहारिक सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को प्रभावी बनाने, शोध कार्यों में एआई के इस्तेमाल और उच्च शिक्षण संस्थानों में तकनीक आधारित बदलाव की संभावनाओं पर चर्चा होगी।

उद्घाटन सत्र में प्रो. टी. वी. विजय कुमार ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मानवीय बुद्धिमत्ता के बीच मूलभूत अंतर स्पष्ट करते हुए मानव जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में दोनों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि तकनीक का प्रभावी उपयोग मानवीय विवेक और रचनात्मकता के साथ किया जाना चाहिए।

प्रो. मनु प्रताप सिंह ने शिक्षा, शोध और दैनिक कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि एआई से अपेक्षित और गुणवत्तापूर्ण परिणाम प्राप्त करने के लिए सही प्रश्न पूछना तथा स्पष्ट एवं प्रभावी निर्देश देना जरूरी है। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से इसकी उपयोगिता भी समझाई।

मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक प्रो. डी. एस. नेगी ने बताया कि कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम को पूरी तरह ऑफलाइन रखा गया है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रही है। ऐसे में यह प्रशिक्षण शिक्षकों को एआई के उपयोग में दक्ष बनाने और शैक्षणिक एवं शोध गतिविधियों में इसके जिम्मेदार इस्तेमाल की समझ विकसित करने में सहायक होगा। इसका उद्देश्य शिक्षकों को भविष्य की तकनीकी और शैक्षणिक चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है।

कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. वरुण बड़थ्वाल ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को एआई के व्यावहारिक उपयोग के साथ ही शिक्षण, शोध, नवाचार और संस्थागत बदलाव में इसकी संभावनाओं से परिचित कराया जा रहा है। इससे प्रतिभागियों को अपने संस्थानों में एआई आधारित शैक्षणिक गतिविधियां प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. कविता भट्ट ने किया। वह एमएमटीटीसी की प्रोग्राम एग्जीक्यूटिव होने के साथ दर्शनशास्त्र विभाग की अध्यक्ष भी हैं। अंत में एमएमटीटीसी के संयुक्त निदेशक डॉ. राहुल कुंवर ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

इस अवसर पर प्रो. पूजा सकलानी, डॉ. मनोज कुमार गुप्ता, डॉ. गंभीर कठेत, डॉ. कपिल पंवार, श्री विनय प्रसाद टम्टा और डॉ. डी. के. राणा सहित सूचना प्रौद्योगिकी एवं मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे। एमएमटीटीसी के पूनम रावत और अनिल कठैत ने कार्यक्रम के आयोजन में सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!