बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को होंगे बंद, पंच पूजाओं का क्रम शुरू
बदरीनाथ/ज्योतिर्मठ, 12 नवंबर (कपरुवाण)। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी सोमवार, 16 नवंबर को रात 9 बजकर 37 मिनट पर शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाट बंद होने से पूर्व संपन्न होने वाली धार्मिक परंपराओं के अंतर्गत गुरुवार से पंच पूजाओं का क्रम शुरू हो गया। पहले दिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद गणेश मंदिर के कपाट बंद किए गए।
गुरुवार को प्रातःकालीन अभिषेक पूजा से पहले मंदिर परिसर से भगवान गणेश की प्रतिमा को बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान बदरीविशाल और गणेश के दर्शन किए। इसके बाद निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए।
इस अवसर पर बदरीनाथ धाम के रावल अमरनाथ नंबूदरी, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल, डॉ. रवीन्द्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी और डॉ. अमित बंदोलिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना संपन्न कराई।
बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बदरीनाथ धाम के कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू होने पर देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवान ने भी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं।
बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि पंच पूजाओं के दूसरे दिन शुक्रवार, 13 नवंबर को दोपहर बाद आदि केदारेश्वर और आदि गुरु शंकराचार्य मंदिर के कपाट बंद किए जाएंगे। इसके बाद निर्धारित धार्मिक अनुष्ठानों के साथ पंच पूजाओं का क्रम आगे बढ़ेगा और 16 नवंबर को मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
गुरुवार को पंच पूजा के अवसर पर बीकेटीसी सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, प्रोटोकॉल अधिकारी राकेश सेमवाल, बदरीनाथ धाम के पूर्व रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी, मंदिर अधिकारी यदुवीर पुष्पवान, विवेक थपलियाल, संदीप कपरवाण, जगमोहन बर्त्वाल, संतोष तिवारी, भूपेंद्र रावत, डॉ. हरीश गौड़, अतुल डिमरी, राहुल नेगी, राकेश झिंक्वाण, दफेदार हरेंद्र कोठारी, हरीश जोशी और हरीश बिष्ट सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं तीर्थयात्री उपस्थित रहे।

