क्षेत्रीय समाचार

ज्योतिर्मठ क्षेत्र पंचायत की बैठक में 300 से अधिक प्रस्ताव रखे गए

ज्योतिर्मठ, 1 अक्टूबर (कपरुवाण)। विकासखंड ज्योतिर्मठ के ब्लॉक सभागार में गुरुवार को ब्लॉक प्रमुख अनूप सिंह नेगी की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं और विकास कार्यों के साथ पूर्व की क्षेत्र पंचायत बैठकों में पारित प्रस्तावों और शिकायतों पर हुई कार्रवाई की विभागवार समीक्षा की गई।
बैठक में पूर्व की क्षेत्र पंचायत बैठकों में पारित 175 प्रस्तावों और प्राप्त शिकायतों पर की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या प्रस्तुत की गई। इन प्रकरणों के निस्तारण को लेकर संबंधित जनप्रतिनिधियों की संतुष्टि और सहमति भी जानी गई।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने वर्तमान बैठक में प्राप्त सभी प्रस्तावों और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रस्ताव और शिकायत पर की गई कार्रवाई की अनुपालन आख्या अनिवार्य रूप से तैयार की जाए। साथ ही संबंधित विभाग की कार्रवाई को लेकर जनप्रतिनिधियों की संतुष्टि और सहमति की रिपोर्ट भी ली जाए।
बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों और ग्राम प्रधानों ने सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों से संबंधित 300 से अधिक विकास कार्यों और जनसमस्याओं के प्रस्ताव रखे। विभागीय अधिकारियों ने इन प्रस्तावों और प्रकरणों पर अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी सदन को दी। लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण करने और कार्रवाई की स्पष्ट अनुपालन आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख गुड्डी देवी, कनिष्ठ प्रमुख नरेश चंद्र, जिला पंचायत सदस्य रमा राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष मोहन बजवाल, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ, खंड विकास अधिकारी मोहन जोशी सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!