नदियों के 100 मीटर दायरे में निर्माण के लिए सिंचाई विभाग की एनओसी जरूरी
उत्तरकाशी, 3 सितंबर। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने पर्यटन एवं स्वरोजगार योजनाओं के तहत होटल और होम स्टे के चयन में भवन निर्माण, पार्किंग और सुरक्षा संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य नदियों से 100 मीटर के दायरे से संबंधित प्रावधानों का पालन किया जाए और ऐसे मामलों में सिंचाई विभाग की एनओसी के बाद ही प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए।
गुरुवार को कलेक्ट्रेट के एनआईसी कक्ष में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय चयन समिति की बैठक हुई। इसमें दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होम स्टे) विकास योजना, वीरचंद्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना और ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेंटर होम स्टे अनुदान योजना के वर्ष 2026-27 के आवेदनों की समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने होटल और होम स्टे के आवेदनों का निर्धारित मानकों के अनुसार परीक्षण करने तथा पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए पर्याप्त पार्किंग सुनिश्चित करने को कहा। भवन का नक्शा विकास प्राधिकरण से नियमानुसार स्वीकृत कराने और कमरों की संख्या के अनुरूप पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिला पर्यटन विकास अधिकारी खुशाल नेगी ने बताया कि होम स्टे योजना में 28 के लक्ष्य के सापेक्ष 28 आवेदन मिले हैं। वीरचंद्र सिंह गढ़वाली योजना में 20 के लक्ष्य के मुकाबले 17 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें वाहन मद में पांच और गैर-वाहन मद में 12 आवेदन हैं। ट्रैकिंग-ट्रैक्शन सेंटर होम स्टे योजना में 30 के लक्ष्य के सापेक्ष 31 आवेदन मिले हैं।
जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह ने आवेदकों का साक्षात्कार भी लिया। जिलाधिकारी ने पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से करने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों, बैंकों और नाबार्ड के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
