Front Page

यूजेवीएन का रिकॉर्ड प्रदर्शन, 1,834 करोड़ का राजस्व और 705 करोड़ का लाभ

स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता बढ़कर 1,485.46 मेगावाट, सालभर में 5,238.73 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन

देहरादून, 3 सितंबर। उत्तराखंड जल विद्युत निगम (यूजेवीएन लिमिटेड) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक का सर्वश्रेष्ठ वित्तीय प्रदर्शन करते हुए 1,834.27 करोड़ रुपये का राजस्व और 704.84 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित किया है। निगम की स्थापना के बाद यह अब तक का सर्वाधिक राजस्व और लाभ है। इसी अवधि में निगम की स्थापित विद्युत उत्पादन क्षमता भी 11 मेगावाट बढ़कर 1,485.46 मेगावाट हो गई।
यूजेवीएन लिमिटेड के निदेशक मंडल की 135वीं बैठक गुरुवार को सचिवालय में मुख्य सचिव एवं निगम के अध्यक्ष आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वित्त एवं लेखा से संबंधित विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक लेखों को सर्वसम्मति से मंजूरी दी गई।
प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने बताया कि वित्तीय वर्ष के दौरान निगम ने 1,834.27 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि लाभ 704.84 करोड़ रुपये रहा। निदेशक मंडल ने रिकॉर्ड वित्तीय प्रदर्शन पर प्रसन्नता जताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।
सिंह के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं से कुल 5,238.73 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इस दौरान स्थापित क्षमता में 11 मेगावाट की वृद्धि के बाद निगम की कुल उत्पादन क्षमता 1,485.46 मेगावाट पहुंच गई है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि यूजेवीएन राज्य की ऊर्जा जरूरतों की पूर्ति के साथ उत्तराखंड को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि निगम अब बिजली उत्पादन बढ़ाने, उपलब्ध क्षमता का अधिकतम उपयोग करने, परिचालन दक्षता सुधारने, लागत नियंत्रण और राजस्व वृद्धि पर विशेष ध्यान देगा। इसके साथ ही नई और निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक में सचिव वित्त दिलीप जावलकर, स्वतंत्र निदेशक इंदू कुमार पाण्डे, बी.पी. पांडे और पराग गुप्ता, निदेशक परिचालन जी.एस. बुदियाल, अधिशासी निदेशक सुधाकर बडोनी और आशिष कुमार जैन सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!