क्राइम

पोखरी पुलिस ने महिला ठग को गोवा में पकड़ा

पोखरी, 18 अप्रैल (राणा)। चमोली जिले में फरार वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। आईटी एक्ट और धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रही एक महिला अभियुक्ता को चमोली पुलिस ने दक्षिण गोवा से गिरफ्तार कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट पोखरी द्वारा फौजदारी वाद संख्या-23/2023 में धारा 420 भारतीय दंड संहिता तथा 66डी आईटी एक्ट के तहत अभियुक्ता मारिया गोरेटी कारदोषी पुत्री कलेवडियो कारदोषी, निवासी नवागुल्ली, थाना कोलवा, दक्षिण गोवा के विरुद्ध गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। अभियुक्ता शातिर प्रवृत्ति की होने के कारण लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बच रही थी और लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशन में अभियुक्ता की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम को आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग तथा स्थानीय स्तर पर सूचनाएं एकत्र करने के निर्देश दिए गए। इसके बाद पुलिस टीम को गोवा रवाना किया गया, जहां सटीक सूचना तंत्र के आधार पर अभियुक्ता को चिन्हित कर दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्ता को कड़ी सुरक्षा के बीच जनपद चमोली लाया गया, जहां उसे माननीय न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट पोखरी के समक्ष पेश किया गया।
इस कार्रवाई से पुलिस की सक्रियता और फरार अभियुक्तों के खिलाफ सख्त रुख का स्पष्ट संदेश गया है। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों और फरार अभियुक्तों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!