क्राइम

गौचर बाजार में दुकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, नकदी व पासबुक बरामद

 

गौचर, 1 अगस्त (गुसाईं)। गौचर बाजार में एक दुकान का ताला तोड़कर नकदी और बैंक पासबुक चोरी करने वाले शातिर चोर को कर्णप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई नकदी और पासबुक भी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम सिरण निवासी भूपेन्द्र सिंह नेगी ने कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर बताया कि गौचर बाजार स्थित उनकी ‘मसूरी कंगन स्टोर’ का 28 जुलाई की रात अज्ञात व्यक्ति ने ताला तोड़ दिया। चोर दुकान के गल्ले से लगभग 15 हजार रुपये की नकदी और पंजाब नेशनल बैंक की पासबुक चोरी कर ले गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर तत्काल बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक कर्णप्रयाग के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और गौचर बाजार में लगे 30 से 40 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान 28 जुलाई की रात करीब तीन से चार बजे के बीच एक संदिग्ध व्यक्ति दुकान के आसपास आता-जाता दिखाई दिया।
संदिग्ध की पहचान के लिए मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और लगातार सुरागरसी के बाद पुलिस ने 30 जुलाई की शाम गौचर-रुद्रप्रयाग मोटर मार्ग पर सरस्वती विद्या मंदिर के समीप से टिहरी जनपद के घनसाली थाना क्षेत्र के पुंडोली निवासी 37 वर्षीय महावीर सिंह रावत को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की गई 10,100 रुपये की नकदी तथा पंजाब नेशनल बैंक की पासबुक बरामद हुई। पूछताछ में उसने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। बरामदगी के आधार पर उसके खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) भी जोड़ी गई। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गौचर चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आरोपी के विरुद्ध टिहरी, पौड़ी और देहरादून जनपदों के विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे पहले से दर्ज होने की जानकारी भी सामने आई है। घटना के खुलासे में चौकी प्रभारी मानवेन्द्र गुसाईं, हेड कांस्टेबल प्रदीप बहुखंडी, हेड कांस्टेबल अशोक रावत तथा कांस्टेबल सुशील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!