क्षेत्रीय समाचार

रेल लाइन के 400 मीटर फ्रीज जोन का विरोध तेज, प्रतिबंध हटाने की उठी मांग

गौचर, 1 अगस्त (गुसाईं)। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत गौचर क्षेत्र में रेल लाइन के दोनों ओर 400 मीटर तक लागू फ्रीज जोन को समाप्त करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश नेगी ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित क्षेत्र से यह प्रतिबंध हटाने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि कुछ वर्ष पूर्व गौचर नगर पालिका क्षेत्र के भटनगर तोक की भूमि रेल परियोजना के लिए अधिग्रहित की गई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने विकास परियोजना का समर्थन करते हुए भूमि अधिग्रहण में पूरा सहयोग दिया था। लेकिन बाद में 9 जनवरी 2024 को जारी शासनादेश के तहत रेल लाइन से 400 मीटर के दायरे को फ्रीज जोन घोषित कर दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों की समस्याएं बढ़ गई हैं।
मुकेश नेगी का कहना है कि फ्रीज जोन लागू होने के बाद प्रभावित क्षेत्र के लोग अपनी निजी भूमि पर भवन निर्माण नहीं करा पा रहे हैं और न ही भूमि की खरीद-फरोख्त कर सकते हैं। इससे लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और उनकी संपत्ति के अधिकार भी प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस प्रतिबंध को हटाने के लिए क्षेत्रवासी कई बार शासन और प्रशासन के समक्ष अपनी मांग रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला है। इसी क्रम में उन्होंने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर फ्रीज जोन समाप्त करने और प्रभावित लोगों को राहत देने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान पूर्व सभासद अजय किशोर भंडारी, हरीश नयाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं वर्तमान सवाड़ ग्रामसभा की प्रधान आशा धपोला सहित अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!