Front Pageधर्म/संस्कृति/ चारधाम यात्रा

केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद, साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

 

भैयादूज पर पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बने कपाट बंद होने के साक्षी, बाबा केदार की पंचमुखी डोली रामपुर रवाना

केदारनाथ धाम, 11 नवंबर (प्रकाश कपरूवाण)। विश्व प्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योतिर्लिंग भगवान केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार को भैयादूज के पावन अवसर पर प्रातः साढ़े आठ बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी सहित पांच हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे। कपाट बंद होने के साथ ही भगवान केदारनाथ की पंचमुखी चल विग्रह डोली सेना के बैंड की भक्तिमय धुनों और जयकारों के बीच अपने प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हो गई। इस यात्रा वर्ष में लगभग साढ़े 19 लाख तीर्थयात्रियों ने केदारनाथ धाम में दर्शन किए।

कपाट बंद होने के अवसर पर केदारनाथ मंदिर को आकर्षक फूलों से सजाया गया था। मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। समूचा क्षेत्र ‘जय श्री केदार’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गुंजायमान रहा। दानदाताओं और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की ओर से श्रद्धालुओं के लिए भंडारों का आयोजन भी किया गया। पिछले दिनों आसपास की पहाड़ियों पर हुई बर्फबारी के कारण धाम में कड़ाके की ठंड रही।

कपाट बंद होने की धार्मिक प्रक्रिया प्रातः साढ़े तीन बजे मंदिर खुलने के साथ शुरू हुई। सुबह पांच बजे से विशेष पूजा-अर्चना और कपाट बंद करने की परंपरागत विधियां संपन्न की गईं। मुख्य पुजारी टी. गंगाधर लिंग ने धर्माधिकारियों और वेदपाठियों की उपस्थिति में भगवान केदारनाथ के स्वयंभू शिवलिंग को शृंगार रूप से समाधि रूप प्रदान किया। इसके बाद शिवलिंग को स्थानीय पुष्पों, ब्रह्मकमल और भस्म से आच्छादित किया गया।

धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के बाद गर्भगृह के कपाट बंद किए गए। इसके पश्चात भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली सभामंडप से मंदिर परिसर में लाई गई। सुबह साढ़े आठ बजे मुख्य मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही पंचमुखी डोली अपने प्रथम पड़ाव रामपुर के लिए रवाना हुई। इससे पहले शनिवार को भगवान केदारनाथ के क्षेत्रपाल भकुंट भैरवनाथ मंदिर के कपाट भी शीतकाल के लिए बंद किए जा चुके थे।

बीकेटीसी के मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया कि भगवान केदारनाथ की पंचमुखी डोली 12 नवंबर, गुरुवार को गुप्तकाशी स्थित विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके बाद 13 नवंबर, शुक्रवार को डोली अपने शीतकालीन गद्दीस्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ पहुंचेगी। शीतकाल में भगवान केदारनाथ की पूजा-अर्चना और दर्शन की व्यवस्था इसी मंदिर में रहेगी।

इस अवसर पर बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने यात्रा के सफल संचालन में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं, हक-हकूकधारियों, केदार सभा और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का केदारनाथ धाम से विशेष लगाव रहा है। इस वर्ष लगभग साढ़े 19 लाख श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना तीर्थयात्रा के प्रति बढ़ती आस्था को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित करने के प्रयास किए जाएंगे।

कपाट बंद होने के अवसर पर बीकेटीसी उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण, जिलाधिकारी विशाल मिश्रा, समिति सदस्य महेंद्र शर्मा, देवी प्रसाद देवली, नीलम पुरी, प्रह्लाद पुष्पवाण, डॉ. विनीत पोस्ती, केदार सभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, मुख्य प्रभारी अधिकारी विपिन तिवारी और मुख्य प्रशासनिक अधिकारी डी.एस. भुजवाण सहित जिला प्रशासन, पुलिस, आईटीबीपी तथा एसडीआरएफ के अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!