क्षेत्रीय समाचार

थराली में दूसरी बार महिला रामलीला का भव्य आयोजन शुरू, महिलाओं में उत्साह

 

थराली, 11 नवंबर (हरेंद्र बिष्ट)।थराली में दूसरी बार महिला रामलीला का भव्य आयोजन शुरू हो गया है। स्थानीय रामलीला मैदान में आयोजित इस रामलीला का शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने रिबन काटकर, दीप प्रज्वलित कर तथा भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

थराली के इतिहास में दूसरी बार आयोजित हो रही महिला रामलीला का मंगलवार देर शाम भगवान श्रीराम के जयकारों के बीच विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि महिला रामलीला धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण के साथ ही महिला सशक्तीकरण और सामाजिक एकता का भी सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से महिलाओं और युवतियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम के आदर्शों और सत्य के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।

आयोजन के पहले दिन भगवान शिव, श्रीराम, लक्ष्मण, माता सीता, हनुमान सहित विभिन्न देवी-देवताओं की सामूहिक पूजा-अर्चना और आरती की गई। इस अवसर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष गंगा सिंह बिष्ट, मंत्री सुनीता बिष्ट तथा कांग्रेस नेता उमेश उनियाल सहित अनेक गणमान्य लोग विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

महिला रामलीला की विशेषता यह है कि इसमें सभी प्रमुख पात्रों की भूमिकाएं महिलाएं और युवतियां निभा रही हैं। रामलीला में श्रीराम की भूमिका मोनिका, लक्ष्मण की प्रेरणा, सीता की मानसी, भरत की नव्या तथा शत्रुघ्न की भूमिका ज्योति निभा रही हैं। इसी प्रकार रावण के पात्र में उमा उनियाल, राजा जनक के रूप में कमला थपलियाल, दशरथ की भूमिका में सरोज देवराड़ी, कौशल्या के रूप में विन्जू कुनियाल तथा मंदोदरी की भूमिका में कविता चंदोला अभिनय कर रही हैं।

इसके अतिरिक्त सुमंत की भूमिका ललिता फर्स्वाण, नारद की रीता भंडारी, विभीषण की गंगा राणा, कैकेयी की रोशनी बिष्ट, सुनैना की सुनीता बिष्ट, मंथरा की मंजू बिष्ट, कुंभकर्ण की कला खत्री, सुलोचना की अनुष्का, परशुराम की तनुजा, दूषण की कला रावत तथा नटी की भूमिका प्राची निभा रही हैं। गीतांजलि, आरुषि, लक्ष्मी, तनवी सहित अन्य महिलाएं और युवतियां भी विभिन्न पात्रों के माध्यम से अपनी अभिनय प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

महिला रामलीला को लेकर क्षेत्र की महिलाओं और युवतियों में विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है। स्थानीय लोगों ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे धार्मिक परंपराओं के संरक्षण और महिलाओं की सांस्कृतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!