क्षेत्रीय समाचार

एसआईआर पर विद्यार्थियों को दी मतदाता जागरूकता की जानकारी

 

पोखरी, 31 जुलाई (राणा)। जिला निर्वाचन कार्यालय, चमोली के निर्देशानुसार राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, नागनाथ पोखरी में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्मार्ट कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण, मतदाता अधिकारों और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. रीटा शर्मा ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व से अवगत कराते हुए भविष्य में मतदाता बनने के लिए आवश्यक औपचारिकताएं समय पर पूरी करने तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की स्वीप (SVEEP) नोडल अधिकारी डॉ. शाज़िया सिद्दीकी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया, मतदाता सूची के शुद्धीकरण, मतदाता अधिकारों तथा आवश्यक प्रपत्रों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से मतदाता जागरूकता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने का आग्रह किया।
स्वीप सेल के सदस्य डॉ. रामानंद ने एसआईआर की आवश्यकता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में जागरूक मतदाताओं की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को अधिक से अधिक लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. शिव सिंह रावत, रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. किरण चौहान, अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपम रावत, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. सोहनी सहित महाविद्यालय के सभी प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!