गढ़वाल राइफल्स की 19वीं बटालियन का स्थापना दिवस 5 नवम्बर को मनाया जाएगा
देहरादून, 24 अक्टूबर (प्रभुपाल रावत)। भारतीय सेना की 19वीं बटालियन गढ़वाल राइफल्स का 40वां स्थापना दिवस आगामी 5 नवंबर को देहरादून में मनाया जाएगा। इस अवसर पर बटालियन के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों का मिलन समारोह आयोजित किया जाएगा।
बटालियन के पूर्व सैनिकों की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, स्थापना दिवस समारोह देहरादून के कारगी चौक के निकट स्थित कृष्णा गार्डन में आयोजित होगा। समारोह में बटालियन के सेवानिवृत्त अधिकारी, जूनियर कमीशंड अधिकारी (जेसीओ), अन्य रैंक के पूर्व सैनिक तथा उनके परिजन भाग लेंगे।
आयोजकों ने देहरादून और आसपास के क्षेत्रों में निवास कर रहे 19वीं गढ़वाल राइफल्स के सभी पूर्व सैनिकों से समारोह में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम 5 नवंबर, गुरुवार को प्रातः 10 बजे से आयोजित किया जाएगा।
समारोह का उद्देश्य बटालियन के पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को एक मंच पर लाना तथा आपसी संपर्क, सौहार्द और सैन्य परंपराओं से जुड़े संबंधों को मजबूत करना है। आयोजकों ने सभी संबंधित पूर्व सैनिकों से निर्धारित समय पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने का अनुरोध किया है।

