क्षेत्रीय समाचारखेल/मनोरंजन

राजतिलक की भव्य झांकी के साथ पोखरी की 11 दिवसीय रामलीला संपन्न

पोखरी, 26 जून (राणा)। नगर पंचायत क्षेत्र के पोखरी बाजार में रामलीला समिति के तत्वावधान में 15 जून से आयोजित 11 दिवसीय पारंपरिक रामलीला का समापन शुक्रवार को भगवान श्रीराम के राजतिलक की भव्य झांकी के साथ श्रद्धा और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। समापन अवसर पर निकली राजतिलक शोभायात्रा और अंतिम मंचन ने पूरे क्षेत्र को राममय बना दिया।
रामलीला के दौरान भगवान श्रीराम के जीवन पर आधारित जनक दरबार, राम जन्म, सीता स्वयंवर, राम वनवास, सीता हरण, बाली वध, समुद्र पर सेतु निर्माण, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति, कुंभकर्ण व मेघनाथ वध, रावण वध तथा विभीषण राजतिलक सहित विभिन्न प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। दस दिनों तक चली रामलीला को देखने के लिए क्षेत्र के अलावा दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, छात्र-छात्राएं, नौकरीपेशा लोग और ग्रामीण पहुंचे। पूरे आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण बना रहा।
समापन दिवस पर भगवान श्रीराम के अयोध्या लौटने एवं राजतिलक की आकर्षक शोभायात्रा पेट्रोल पंप से गोल मार्केट होते हुए रामलीला मंच तक निकाली गई। झांकी में श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के 14 वर्ष के वनवास तथा लंका विजय के बाद अयोध्या आगमन और राजतिलक का मनोहारी दृश्य प्रस्तुत किया गया। मार्गभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य वत्सला सती तथा थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष बीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्शों और जीवन मूल्यों को जीवंत बनाए रखने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने आयोजन समिति और कलाकारों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।
रामलीला में प्रवेश चौधरी ने भगवान श्रीराम, अनुराग बिष्ट ने भरत, अंशुल चौधरी ने लक्ष्मण, स्वतंत्र चौधरी ने शत्रुघ्न, मयंक चौधरी ने माता सीता, जय चौधरी ने हनुमान, राजेश सती ने रावण, कुलदीप चौधरी ने अंगद, प्रशांत पंत ने मेघनाथ, राकेश चौधरी ने सुषेण वैद्य तथा राजेश चौधरी ने विभीषण की भूमिका निभाई। कलाकारों के सशक्त अभिनय को दर्शकों ने खूब सराहा।
रामलीला समिति के सचिव संतोष चौधरी एवं संरक्षक कुंवर सिंह चौधरी ने आयोजन की सफलता के लिए समिति के सभी पदाधिकारियों, कलाकारों, स्थानीय जनता और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर ओम प्रकाश चौधरी, दीपक चौधरी, महिधर पंत, मंदोदरी पंत, रमेश चौधरी, मधुसूदन चौधरी, खेमराज चौधरी, विष्णु प्रसाद पंत, रमेश भट्ट, सत्यप्रकाश पंत, कुलदीप चौधरी, जय चौधरी, भूपेंद्र नेगी, बी.आर. चौधरी सहित समिति के पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!