क्षेत्रीय समाचार

उत्तरकाशी में भी खेत बचाओ अभियान का शुरू

 

 एक माह तक किसानों को दी जाएगी वैज्ञानिक खेती की जानकारी

उत्तरकाशी, 1 जून। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जनपद में 1 जून से 30 जून तक संचालित किए जाने वाले “खेत बचाओ अभियान” का शुभारंभ सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी ने हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर मुख्य कृषि अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। अभियान का उद्देश्य किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों तथा समयबद्ध कृषि परामर्श उपलब्ध कराना है, ताकि फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सके और कृषि उत्पादन में वृद्धि सुनिश्चित हो सके।
मुख्य विकास अधिकारी ने अभियान से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनपद की प्रत्येक न्याय पंचायत और ग्राम स्तर तक पहुंचकर किसानों को जागरूक करने तथा कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के साथ ही कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
उन्होंने अधिकारियों से किसानों के साथ नियमित संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करने तथा आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करने को कहा।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने के लिए समन्वित एवं प्रभावी ढंग से कार्य करने का संकल्प लिया। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न गांवों में जागरूकता कार्यक्रम, कृषक गोष्ठियां और कृषि संबंधी परामर्श शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!