भारी बारिश से थराली क्षेत्र के कई मार्गों पर मलबा और बोल्डर गिरने से यातायात बाधित
–हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट–
थराली, 24 जुलाई। गुरुवार देर शाम से शुरू हुई लगातार बारिश का असर शुक्रवार को पूरे थराली क्षेत्र की सड़क व्यवस्था पर दिखाई दिया। भारी वर्षा के चलते कई मोटर मार्गों पर मलबा, पत्थर, बोल्डर और टूटे पेड़ आने से यातायात प्रभावित रहा। नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग (राज्य मार्ग संख्या-90) पर कई स्थानों पर भूस्खलन होने से पूरे दिन रुक-रुककर वाहनों का संचालन होता रहा, जबकि देवाल–सुयालकोट–खेता मोटर मार्ग समाचार लिखे जाने तक बंद रहा।
लोक निर्माण विभाग थराली के अधिशासी अभियंता मनीष डोगरा और सहायक अभियंता जे.के. टम्टा ने बताया कि गुरुवार देर शाम से हुई बारिश के कारण विभाग की पांच सड़कें बंद हो गई थीं। इनमें से तीन मार्गों को शुक्रवार तक यातायात के लिए खोल दिया गया, जबकि दो मार्गों पर बहाली का कार्य जारी है।
उन्होंने बताया कि राज्य मार्ग संख्या-90 थराली–देवाल–मंदोली–वांण मार्ग राड़ीबगड़ (किमी-3), ऊणी (किमी-8), गमलीगाड़ (किमी-16) और मंदोली (किमी-28) के पास मलबा और पत्थर आने से अवरुद्ध हो गया था। जेसीबी मशीनों की मदद से अधिकांश स्थानों पर यातायात बहाल कर दिया गया है, लेकिन ऊणी में लगातार पहाड़ी से पत्थर गिरने और गमलीगाड़ में दिनभर मलबा आने के कारण यातायात सामान्य नहीं हो सका। दोनों संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी मशीनें तैनात की गई हैं।
वहीं, देवाल–सुयालकोट–खेता मोटर मार्ग पर सुयालकोट के भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में लगातार पत्थर गिरने के कारण सड़क को समाचार लिखे जाने तक यातायात के लिए नहीं खोला जा सका। लगातार गिर रहे पत्थरों के कारण जेसीबी मशीनों का संचालन भी बाधित हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग के अनुसार नंदकेशरी–जोला, थराली–जूनीधार तथा डुंग्री–रतगांव मोटर मार्गों को मलबा हटाकर यातायात के लिए खोल दिया गया है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने तथा भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
