पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने विभिन्न ग्राम सभाओं का किया भ्रमण
शिव महापुराण में सहभागिता का किया आह्वान
पोखरी, 24 जुलाई (राणा)। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र सिंह भंडारी ने शुक्रवार को गनियाला, हरिशंकर, सिमखोली, भिकोना, बगथल, डुंगर और तोणजी ग्राम सभाओं का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने तहसील मुख्यालय पोखरी स्थित पुष्केश्वर शिवालय में 31 जुलाई से 6 अगस्त तक आयोजित होने वाली शिव महापुराण कथा में अधिक से अधिक सहयोग और सहभागिता का आह्वान किया।
भ्रमण के दौरान ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, सड़क तथा कृषि से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। राजेंद्र भंडारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। जनहित और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वह निरंतर प्रयासरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग से विकास कार्यों के साथ-साथ सामाजिक और धार्मिक आयोजनों को भी सफल बनाया जाएगा।
इस अवसर पर भंडारी ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे 31 जुलाई से 6 अगस्त तक सीएचसी पोखरी के समीप स्थित पुष्केश्वर शिवालय में आयोजित शिव महापुराण कथा में बढ़-चढ़कर सहयोग करें और धर्मलाभ प्राप्त करें।
उल्लेखनीय है कि यह धार्मिक आयोजन पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी, मंदिर समिति तथा व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
इस दौरान हरिशंकर की प्रधान रिकी चौधरी, भरत चौधरी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, मातबर सिंह राणा, शुभम राणा, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित चौधरी, सिमखोली के प्रधान ईश्वर सिंह, महिला मंगल दल अध्यक्ष संगीता खत्री, मानवेन्द्र असवाल, अनिल हिमानी चौधरी, शाकम्बरी देवी, बगथल की प्रधान ज्योति देवी, डुंगर की प्रधान दीक्षा बर्तवाल, तोणजी की प्रधान राजेश्वरी देवी, प्रदीप नेगी, कोऑपरेटिव बैंक के पूर्व जिलाध्यक्ष सत्येंद्र सिंह नेगी, अनूप रावत, अनूप कंडारी, मुकेश नेगी, ठाकुर सिंह नेगी, संजय बर्तवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
