जखोल समेत उत्तरकाशी के दूरस्थ गांवों में मतदाता सूची शुद्धिकरण का महाअभियान शुरू
उत्तरकाशी, 8 जून (सूचना)। जनपद में मतदाता सूची को शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से सोमवार से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान शुरू हो गया। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह महाअभियान 7 जुलाई तक निरंतर चलाया जाएगा।
अभियान के तहत जनपद के दूरस्थ गांवों में भी बूथ स्तर अधिकारियों (बीएलओ) ने घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण प्रारंभ कर दिया है। सीमांत क्षेत्र के जखोल गांव में बीएलओ ने मतदाताओं से संपर्क कर गणना प्रपत्र वितरित किए तथा उन्हें अभियान की जानकारी दी।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत बीएलओ प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर न केवल गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे, बल्कि उन्हें वापस भी प्राप्त करेंगे। साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, आयु, पता सहित अन्य विवरणों का परिवार के सदस्यों की उपस्थिति में सत्यापन और मिलान किया जाएगा।

निर्वाचन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने सही एवं अद्यतन विवरण के साथ गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और त्रुटिहीन बनाया जा सके। अभियान के दौरान नए पात्र मतदाताओं का विवरण भी संकलित किया जाएगा तथा आवश्यक संशोधनों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
