क्षेत्रीय समाचार

वेतन वृद्धि और सेवा सुरक्षा की मांग को लेकर मुखर हुईं भोजन माताएं

 

29 जून को डीईओ कार्यालय घेराव की चेतावनी


पोखरी, 8 जून (राणा)। वेतन वृद्धि, सेवा सुरक्षा तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर सोमवार को ब्लॉक सभागार पोखरी में भोजन माताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के जिलाध्यक्ष एवं सीटू नेता एडवोकेट राजेंद्र सिंह नेगी ने की।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि विद्यालयों में संचालित मध्यान्ह भोजन योजना के सफल संचालन में भोजन माताओं की अहम भूमिका है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें बेहद कम मानदेय पर कार्य करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान महंगाई के दौर में प्राप्त मानदेय से परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। इसलिए सरकार को शीघ्र मानदेय में वृद्धि कर भोजन माताओं को सम्मानजनक पारिश्रमिक उपलब्ध कराना चाहिए।
भोजन माताओं ने सेवा सुरक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि किसी भी भोजन माता को बिना उचित कारण सेवा से नहीं हटाया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से उनकी सेवाओं को सुरक्षित करने के लिए ठोस नीति बनाने की मांग की।
बैठक में विद्यालयों में भोजन तैयार करने के लिए गैस की पर्याप्त उपलब्धता न होने की समस्या भी उठाई गई। वक्ताओं ने कहा कि गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के कारण भोजन व्यवस्था प्रभावित होती है, जिसे तत्काल दूर किया जाना चाहिए।
भोजन माताओं ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन आंदोलन को और तेज करेगा। इसी क्रम में 29 जून को जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के घेराव का निर्णय लिया गया।
बैठक में भोजन माताओं ने अपने अधिकारों और मांगों के लिए एकजुट होकर संघर्ष जारी रखने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर संगठन की ब्लॉक अध्यक्ष अनीता देवी, उपाध्यक्ष सुमन देवी, कोषाध्यक्ष रेखा भंडारी, ऊषा देवी, भूपेंद्र नेगी, अंजू देवी, सरिता देवी, ललिता देवी, सावित्री देवी, गौरा देवी सहित बड़ी संख्या में भोजन माताएं उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!