झिरकोटी न्याय पंचायत के खेल महाकुंभ का आगाज
गौचर, 9 सितम्बर (गुसाईं)। विकासखंड कर्णप्रयाग के अंतर्गत न्याय पंचायत झिरकोटी के खेल महाकुंभ का शुभारंभ बुधवार को गौचर खेल मैदान में बालिका वर्ग की अंडर-14 एवं अंडर-17 प्रतियोगिताओं के साथ हुआ।
खेल महाकुंभ का शुभारंभ मुख्य अतिथि झिरकोटी के ग्राम प्रधान राजेश चौहान तथा विशिष्ट अतिथि सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक राजेन्द्र सिंह नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। खेल महाकुंभ के तहत कबड्डी, खो-खो, मुर्गा झपट तथा एथलेटिक्स में 60 मीटर, 100 मीटर, 200 मीटर, 400 मीटर एवं 1500 मीटर दौड़ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालिका वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता में झिरकोटी की टीम ने प्रथम तथा पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-14 कबड्डी प्रतियोगिता में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौचर की टीम प्रथम और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सिदोली की टीम द्वितीय स्थान पर रही।
इस अवसर पर राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झिरकोटी के प्रधानाचार्य, पीईटी प्रकाश सिंह बुटोला, भरत सिंह चौहान, माही नौटियाल, प्रदीप नेगी, ममता पंवार, आरती राणा, साधना कुंवर और पूजा पुरोहित सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
