तलवाड़ी महाविद्यालय छात्रसंघ चुनाव में तनुजा और दर्शन विजयी
थराली, 29 सितम्बर (हरेन्द्र बिष्ट)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फरस्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी-थराली के छात्रसंघ चुनाव में सचिव पद पर तनुजा और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दर्शन कुमार ने जीत दर्ज की। मतगणना के बाद आयोजित समारोह में प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद ने नवनिर्वाचित छात्रसंघ पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और उन्हें बधाई दी।
महाविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव प्रभारी डॉ. ललित जोशी ने बताया कि अध्यक्ष पद पर कल्पना, उपाध्यक्ष पद पर मोहित सिंह, सहसचिव पद पर अंजलि और कोषाध्यक्ष पद पर साक्षी गड़िया पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके थे। सचिव और विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पदों के लिए मतदान कराया गया।
सचिव पद पर तनुजा और प्रमिला के बीच सीधे मुकाबले में तनुजा ने 117 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की, जबकि प्रमिला को 56 मत मिले। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि पद पर दर्शन कुमार ने 122 मत प्राप्त कर विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी कृष्णा को 55 मत मिले।
महाविद्यालय में कुल 292 मतदाता थे, जिनमें से 183 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह 62.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतगणना के दौरान 11 मत अवैध घोषित किए गए, जबकि पांच मत नोटा के पक्ष में पड़े।
मतदान और मतगणना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थराली के तहसीलदार अक्षय पंकज, थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया और ग्वालदम चौकी प्रभारी लक्ष्मण सिंह नेगी पुलिस बल के साथ तलवाड़ी में मौजूद रहे।
महाविद्यालय की ओर से डॉ. स्मिता तिवारी, डॉ. अनुराधा बिष्ट, डॉ. प्रतिभा आर्य, अनुज कुमार, डॉ. नीतू पांडे, रजनी नेगी, डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. सुनील कुमार, रजनीश कुमार, डॉ. सुधा राना, मनोज कुमार, डॉ. कमलेश कुमार, डॉ. जमशेद अंसारी, नरेंद्र सिंह फर्त्याल, थान सिंह, महिपाल सिंह शाह, धीरेंद्र नेगी, नीतीश कुमार, मनोज देवराड़ी, दीपा रावत, सहायक निर्वाचन अधिकारी हुकम सिंह रावत, गुड्डू सिंह और छात्रसंघ मीडिया प्रभारी डॉ. खेमकरण सोमन ने निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने में सक्रिय भूमिका निभाई।
मतगणना के बाद आयोजित शपथग्रहण समारोह में प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। उन्होंने छात्रसंघ पदाधिकारियों से महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण और विकास में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की।
