जोशीमठ इंटर कॉलेज की तृप्ति डिमरी ने 95.20% अंक लेकर चमोली जनपद में किया टॉप

ज्योतिर्मठ, 25 अप्रैल (कपरुवाण)। पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर मीडिएट कॉलेज, जोशीमठ की बारहवीं की छात्रा तृप्ति डिमरी ने 95.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद चमोली में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। होनहार तृप्ति ने हाई स्कूल में भी 92.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया था।
सीमांत नगर जोशीमठ के रविग्राम वार्ड की निवासी तृप्ति की कक्षा एक से सातवीं तक की पढ़ाई देवभूमि पब्लिक स्कूल, रविग्राम में हुई। पिता मोहन प्रसाद डिमरी के निधन के बाद माता रंजना डिमरी ने ही तृप्ति का पालन-पोषण किया। बच्चों के लालन-पालन के लिए माता रंजना डिमरी एनटीपीसी में संविदा पर माली के रूप में कार्यरत हैं।
तृप्ति की इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्य उर्मिला बहुगुणा ने फूलमाला पहनाकर तृप्ति एवं उनकी माता रंजना डिमरी को सम्मानित किया तथा पुरस्कार स्वरूप 5100 रुपये की धनराशि प्रदान की। विद्यालय परिवार ने तृप्ति और उनकी माता को शुभकामनाएं दीं।
तृप्ति को जनपद चमोली में सर्वोच्च स्थान हासिल करने पर रविग्राम वार्ड के पालिका सभासद प्रवेश डिमरी, निवर्तमान सभासद समीर डिमरी, वन पंचायत सरपंच हर्षवर्धन भट्ट सहित अनेक लोगों ने शुभकामनाएं दीं।
इधर, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ का हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम भी उत्साहजनक रहा।
हाई स्कूल परीक्षा परिणाम में ऋषभ राणा ने 91 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्वर्ण पांडे ने 90.8 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा आकाश बुटोला ने 88 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी प्रकार इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में सुमित कुमार ने 89.4 प्रतिशत अंकों के साथ प्रथम स्थान, प्रियांशु राणा ने 87.6 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय तथा अभिनव भंडारी ने 84 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया।
हाई स्कूल में 30 छात्र-छात्राओं में से 16 छात्राओं ने विशेष योग्यता के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की, जबकि इंटरमीडिएट में 34 छात्र-छात्राओं ने प्रथम श्रेणी में तथा 12 छात्राओं ने विशेष योग्यता के साथ परीक्षा उत्तीर्ण की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य शम्भू प्रसाद चमोला, विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रकाश कपरुवाण, व्यवस्थापक दिनेश बड़वाल, संरक्षक भुवन चंद उनियाल, कोषाध्यक्ष हरेंद्र सिंह पवार, शिशु मंदिर के प्रधानाचार्य बद्री सिंह नेगी एवं समस्त आचार्य परिवार ने सभी छात्र-छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।
