आपदा/दुर्घटनामौसम

बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से काश्तकारों की बढ़ी चिंता, फसलों को भारी नुकसान

पोखरी, 13 मई (राणा)। विकासखंड क्षेत्र में लगातार बदल रहे मौसम के मिजाज ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर बाद अचानक शुरू हो रही मूसलाधार बारिश से जहां आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं ऊंचाई वाले इलाकों में हुई तेज ओलावृष्टि ने काश्तकारों की मेहनत पर पानी फेर दिया है।
ग्राम पंचायत तोणजी सहित आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जमकर ओले गिरने से गेहूं की तैयार फसल, आलू तथा साग-सब्जियों की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में खड़ी फसल ओलों की मार से बिछ गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इन दिनों क्षेत्र में गेहूं की कटाई और मड़ाई का कार्य चल रहा है, लेकिन लगातार खराब मौसम किसानों के लिए बड़ी परेशानी बन गया है।
तोणजी निवासी काश्तकार सत्येन्द्र सिंह नेगी और मुकेश नेगी ने बताया कि अचानक हुई तेज ओलावृष्टि से गांव में गेहूं, आलू और अन्य सब्जियों की फसल बुरी तरह चौपट हो गई है। उन्होंने कहा कि मौसम की मार से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
क्षेत्र के किसानों ने प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर प्रभावित काश्तकारों को उचित मुआवजा देने की मांग की है। लगातार हो रही बारिश और ओलावृष्टि से ग्रामीणों में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!