उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय पेपर लीक मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, मंत्री धन सिंह रावत का पुतला फूंका

देहरादून, 25 जुलाई। उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय के कथित पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। नंदा की चौकी से विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार तक निकाले गए मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन किया और मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह तथा चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने किया। विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए सरकार के खिलाफ विरोध जताया।

गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि पिछले कुछ वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार सामने आ रहे पेपर लीक के मामलों ने युवाओं का विश्वास कमजोर किया है। उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा परीक्षा, नीट और उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग जैसी परीक्षाओं से जुड़े मामलों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना था कि यदि इस मामले की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन तेज करेगी। उन्होंने न्यायिक जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग भी की।
प्रीतम सिंह ने कहा कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों से लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों का भरोसा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि वर्षों की मेहनत और कठिन तैयारी के बाद यदि परीक्षा प्रक्रिया की गोपनीयता ही सुरक्षित न रहे तो यह प्रतिभाशाली छात्रों के साथ अन्याय है। उन्होंने सरकार से परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।
डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश का युवा कठिन परिश्रम कर अपने भविष्य का निर्माण करना चाहता है, लेकिन बार-बार होने वाली ऐसी घटनाएं उसका मनोबल तोड़ती हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि परीक्षा प्रणाली में सुधार कर ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जाए। उनका आरोप था कि पूर्व में भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े पेपर लीक, सॉल्वर गैंग और अन्य अनियमितताओं के मामले सामने आ चुके हैं, जिससे व्यवस्था पर प्रश्नचिह्न लगा है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत का पुतला दहन किया और “पेपर लीक बंद करो”, “दोषियों को गिरफ्तार करो” तथा “युवा विरोधी सरकार मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। इसके बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल, प्रीतम सिंह, डॉ. हरक सिंह रावत सहित कई कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेजा। बाद में सभी को रिहा कर दिया गया।
प्रदर्शन में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, सूर्यकांत धस्माना, राजेंद्र भंडारी, ज्योति रौतेला, राजीव महर्षि, विजय सारस्वत, डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, मोहित उनियाल, संजय किशोर सहित प्रदेश और जिला स्तर के अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
