क्षेत्रीय समाचार

सुमन दिवस पर उत्तरकाशी के हनुमान चौक और कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित किए गए कार्यक्रम

*सुमन  के संघर्षमय जीवन से प्रेरणा लेने का किया गया आह्वान*

*जिलाधिकारी ने शहीद स्मारक पहुंच कर किया शोभाकार पौधों का रोपण*

उत्तरकाशी, 25 जुलाई। सुमन दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं टिहरी रियासत के जननायक अमर शहीद श्री देव सुमन को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं अधिकारियों ने उनकी प्रतिमा/चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस मौके पर जिलेभर में अनेक कार्यक्रमों का आयोजन कर श्रीदेव सुमन के जीवन-दर्शन और संघर्ष को अविस्मरणीय बताते हुए नई पीढी को उनके बलिदान से प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया।

सुमन दिवस के अवसर पर प्रातः जिला मुख्यालय में कीर्ति इंटर कॉलेज से हनुमान चौक होते हुए विश्वनाथ चौक तक छात्रा-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। इस अवसर पर हनुमान चौक में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य सहित अन्य गणमान्य नागरिकों के द्वारा श्रीदेव सुमन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सुमन जी के बलिदान का भावपूर्ण स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस कार्यक्रम में एसडीएम भटवाड़ी शालिनी नेगी, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, श्रीदेव सुमन साहित्य कला स्मृति मंच के अध्यक्ष नागेन्द्र दत्त थपलियाल, सचिव शैलेन्द्र नौटियाल, प्रताप सिंह बिष्ट, रविन्द्र नौटियाल, सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

जिला कार्यालय परिसर में सुमन दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने दीप प्रज्जवलित कर सुमन जी की मूर्ति पर माल्यार्पण किया और कहा कि श्रीदेव सुमन जी का जीवन सभी के लिए प्रेरणादायक है, हम सभी को उनके संघर्षों और व्यक्तित्व से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। इस अवसर पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सुमन जी की मूर्ति पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।

सुमन दिवस के अवसर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शहीद स्मारक पहुंचकर शोभाकार पौधों का रोपण किया। इस कार्यक्रम एडीएम मुक्ता मिश्र, सीएचओ रजनीश सिंह, पर्यावरण विशेषज्ञ प्रताप मातुडा,प्रताप सिंह पोखरियाल ‘पर्यावरण प्रेमी‘, नागेन्द्र थपलियाल, प्रताप बिष्ट, सहित अन्य गणमान्य लोगों ने प्रतिभाग किया।

सुमन दिवस के उपलक्ष्य में स्वतंत्रता संग्राम और टिहरी जनक्रांति में सुमन जी के योगदान और बलिदान से नई पीढी को अवगत कराने के लिए जिले में शिक्षण संस्थाओं निबंध, चित्रकला, भाषण एवं नाटक प्रतियोगिताओं तथा अन्य कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय के साथ ही विकास भवन, तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर भी सरकारी कार्यालयों में सुमन जी को श्रद्धांजलि देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!