Front Page

पीएम सूर्य घर योजना में उत्तराखण्ड का शानदार प्रदर्शन, एक साथ मिले चार राष्ट्रीय पुरस्कार

नई दिल्ली/देहरादून, 4 जून। पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के सफल क्रियान्वयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तराखण्ड को राष्ट्रीय स्तर पर एक साथ चार प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है। यह उपलब्धि राज्य द्वारा अक्षय ऊर्जा क्षेत्र में किए जा रहे सतत प्रयासों और जन-केंद्रित नीतियों का प्रमाण है।

नई दिल्ली स्थित अटल अक्षय ऊर्जा भवन में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा, उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी ने उत्तराखण्ड को सम्मानित किया।

उत्तराखण्ड की ओर से यह सम्मान उत्तराखण्ड पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीसीएल) के प्रबंध निदेशक श्री जी. एस. बुदियाल ने ग्रहण किया।

नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय (एमएनआरई) द्वारा आयोजित इस पुरस्कार समारोह में उत्तराखण्ड को कम उपभोक्ता आधार (Low Consumer Base States) वाले राज्यों की श्रेणी में चार महत्वपूर्ण क्षेत्रों में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।

राज्य को निम्नलिखित श्रेणियों में प्रथम पुरस्कार प्रदान किए गए—

  • सर्वाधिक उपभोक्ता आवेदन (Maximum Consumer Applications)
  • सर्वाधिक रूफटॉप सोलर संस्थापन (Maximum Solar Installations)
  • सर्वाधिक डिस्कॉम निरीक्षण (Maximum DISCOM Inspections)
  • सर्वाधिक विक्रेता पंजीकरण (Maximum Vendor Registrations)

यह सम्मान यूपीसीएल द्वारा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, व्यापक उपभोक्ता जागरूकता, त्वरित सेवा वितरण तथा पारदर्शी प्रक्रियाओं के माध्यम से किए गए उत्कृष्ट कार्यों की राष्ट्रीय स्तर पर मिली मान्यता है।

समारोह में विभिन्न राज्यों के प्रतिनिधियों के अलावा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव श्री संतोष कुमार सारंगी, आरईसी लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक श्री जितेन्द्र श्रीवास्तव, पीएफसी के कार्यकारी निदेशक श्री सौरभ जैन, सीईईडब्ल्यू के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. अरुणाभ घोष, एंगेजमेंट लीड श्री पंकज करगेती तथा उरेडा के उप मुख्य परियोजना अधिकारी श्री अखिलेश शर्मा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

राज्य सरकार ने इस उपलब्धि को स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में उत्तराखण्ड की बढ़ती भूमिका और हरित ऊर्जा की दिशा में जनता की सक्रिय भागीदारी का परिणाम बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!