Front Page

प्रदेश के प्रति उत्कृष्ट योगदान पर उत्तराखंड सब एरिया को राज्यपाल की प्रशंसा

देहरादून, 16 अगस्त। उत्तराखंड राज्य और यहां के लोगों के प्रति उत्कृष्ट योगदान के लिए उत्तराखंड सब एरिया मुख्यालय को राज्यपाल की प्रशंसा से सम्मानित किया गया है।

उत्तराखंड सब एरिया के जनरल ऑफिसर कमांडिंग मेजर जनरल एमपीएस गिल, वीएसएम ने 15 अगस्त को लोक भवन में उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह से फॉर्मेशन की ओर से प्रशंसा पत्र प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे। उत्तराखंड सब एरिया के डिप्टी जनरल ऑफिसर कमांडिंग एवं देहरादून कैंट के स्टेशन कमांडर ब्रिगेडियर आरएस थापा भी उपस्थित थे।

प्रशंसा पत्र में उत्तराखंड सब एरिया की परिचालन तैयारियों, मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर), पूर्व सैनिकों के कल्याण तथा नागरिक-सैन्य समन्वय के क्षेत्र में निरंतर योगदान को मान्यता दी गई है। सब एरिया ने राज्य प्रशासन के साथ समन्वय कर प्राकृतिक आपदाओं और अन्य आपात स्थितियों के दौरान समयबद्ध सहायता उपलब्ध कराई है। इसके साथ ही पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी लगातार कार्य किया गया है।

यह सम्मान उत्तराखंड सब एरिया के सभी रैंकों के सामूहिक प्रयास, पेशेवर दक्षता और समर्पण की भी मान्यता है। प्रशंसा पत्र से सशस्त्र बलों और उत्तराखंड की जनता के बीच मजबूत संबंधों को और सुदृढ़ करने के प्रयासों को भी रेखांकित किया गया है।

उत्तराखंड सब एरिया ने राज्य की तैयारियों, आपदा-प्रतिरोधक क्षमता और विकास में एक विश्वसनीय सहयोगी के रूप में अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!