पेपर लीक मामले में उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का सहायक प्रोफेसर गिरफ्तार
देहरादून, 23 जुलाई। उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा में प्रश्नों की गोपनीयता भंग करने के आरोप में पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने प्रेमनगर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 8 जुलाई 2026 को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था। ई-मेल में आरोप लगाया गया था कि 3 जुलाई 2026 को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर ने व्हाट्सएप समूह के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे।
विश्वविद्यालय ने परीक्षा समाप्त होने के बाद साझा किए गए प्रश्नों का प्रश्नपत्र से मिलान कराया, जिसमें दोनों के बीच काफी समानता पाई गई। इसके बाद गठित आंतरिक जांच समिति ने भी अपनी जांच में पाया कि संबंधित सहायक प्रोफेसर ने परीक्षा से पहले छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से मिलते-जुलते प्रश्न साझा किए थे।
तहरीर में आरोप लगाया गया कि सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय की परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की। इस आधार पर प्रेमनगर कोतवाली में मुकदमा संख्या 144/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं 316, 318(4) और 61(2) में मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने त्वरित साक्ष्य संकलन और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। विवेचना के दौरान गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य तथा अन्य उपलब्ध प्रमाणों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता, सहायक प्रोफेसर, शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, झाझरा को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही इस मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। साक्ष्य मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
