राष्ट्रीय सांख्यिकीय दिवस पर राजकीय महाविद्यालय तलवाड़ी में वेबिनार आयोजित
थराली, 29 जून (हरेन्द्र बिष्ट)। राष्ट्रीय सांख्यिकीय दिवस के अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी आलम सिंह फर्स्वाण राजकीय महाविद्यालय, तलवाड़ी में ऑनलाइन वेबिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन निदेशक उच्च शिक्षा उत्तराखंड प्रो. वी.एन. खाली के निर्देशन तथा महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद के संरक्षण में महान सांख्यिकीविद् प्रो. पी.सी. महालनोबिस की जयंती के उपलक्ष्य में किया गया।
वेबिनार का शुभारंभ प्राचार्य प्रो. सेराज मोहम्मद के उद्घाटन वक्तव्य से हुआ। उन्होंने प्रो. पी.सी. महालनोबिस के जीवन, व्यक्तित्व तथा सांख्यिकी विज्ञान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके कार्यों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
अर्थशास्त्र विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रो. महालनोबिस के जीवन पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का भी प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से छात्र-छात्राओं को उनके प्रेरक जीवन और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी रजनीश कुमार ने अपने संबोधन में प्रो. महालनोबिस द्वारा स्थापित भारतीय सांख्यिकी संस्थान तथा देश की आर्थिक योजना एवं विकास में उनके महत्वपूर्ण योगदान की विस्तार से चर्चा की।
वेबिनार के सफल आयोजन में डॉ. प्रतिभा आर्य, अनुज कुमार, डॉ. नीतू पांडे, मनोज कुमार, सुधा राणा, डॉ. खेमकरण तथा नीतीश कुमार का विशेष सहयोग रहा।
इस अवसर पर डॉ. पुष्पा रानी, डॉ. तनु मित्तल, डॉ. ललित जोशी, डॉ. कमलेश कुमार, महिपाल सिंह, धीरेंद्र सिंह, थान सिंह तथा छात्र-छात्राओं में हिमांशु, दीपक, प्रियंका, किरण और प्रियंका देवराड़ी सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
