Front Pageआपदा/दुर्घटना

दो दिन बाद होने वाली थी शादी, युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 

हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट-

थराली, 25 अप्रैल। विकासखंड थराली के अंतर्गत कुलसारी क्षेत्र से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक की शादी महज दो दिन बाद होने वाली थी। इस घटना से पूरे क्षेत्र में सनसनी और शोक का माहौल छा गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, कुलसारी निवासी आदित्य जोशी (30 वर्ष), पुत्र हरीश चंद्र जोशी, मूल निवासी विजयपुर तथा हाल निवासी पीपलगैर (कुलसारी) ने अपने घर में पंखे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना पुलिस को डायल 112 के माध्यम से मिली।

थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया गया है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि मृतक आदित्य जोशी विदेश में डॉक्टर के रूप में कार्यरत था और अपनी शादी के लिए कुछ दिन पहले ही घर लौटा था। परिवार में शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं, लेकिन इस अप्रत्याशित घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में दो दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक और स्तब्धता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!